अंकित बालियान हत्याकांड का CCTV आया सामने, 30 सेकेंड में जो हुआ वो दहला देगा!

शरद मलिक

• 04:12 PM • 28 Aug 2026

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या का 1 मिनट 6 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में चार शूटर दिनदहाड़े गोलीबारी कर फरार होते दिखे. पुलिस गैंगवॉर समेत सभी पहलुओं की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

CCTV Footage of Ankit Baliyan Murder Case

CCTV Footage of Ankit Baliyan Murder Case

Google CTA

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हुई हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड ने सनसनी फैला दी है. इस बीच अंकित बालियान हत्याकांड का एक बेहद खौफनाक 1 मिनट 6 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. कैमरे में कैद ये तस्वीरें किसी एक्शन फिल्म का मंजर नहीं बल्कि दिनदहाड़े अंजाम दी गई एक ऐसी बेखौफ वारदात की हकीकत हैं जिसने हर देखने वाले का कलेजा कंपा दिया है. फुटेज में चार बेखौफ शूटर बेहद करीब से अंकित पर गोलियों की बौछार करते और आराम से फरार होते नजर आ रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

जिम से निकले, स्कॉर्पियो की तरफ बढ़े और फिर... सेकेंडों में मच गई तबाही

यह सनसनीखेज वारदात शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी इलाके की है.26 अगस्त की शाम अंकित रोज की तरह करीब 4 बजे जिम पहुंचे थे. शाम करीब 7 बजे जब वे वर्कआउट खत्म कर बाहर निकले और महज 20 मीटर की दूरी पर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी की ओर बढ़े, तभी मौत बनकर आए चार हमलावरों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया.

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बिना नकाब पहने पहुंचे इन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बिना एक पल गंवाए पिस्टल निकाली और अंकित पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका थर्रा उठा, अंकित खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से निकल भागे. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया.

500 गज दूर कोतवाली फिर भी गायब थी पुलिस

अंकित की मौत की खबर फैलते ही बंतीखेड़ा गांव और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. सड़क पर अपने बेजान बेटे का सिर गोद में रखकर बैठी मां का दर्द देख हर आंख नम हो गई. रोती-बिलखती मां ने प्रशासन से साफ कहा कि उनके बेटे के कातिलों का वही हश्र होना चाहिए. वहीं बदहवास पिता ने खाकी की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा 'जहां यह मर्डर हुआ, वहां से महज 500 गज की दूरी पर कोतवाली है और वहां हर वक्त 3-4 सिपाही रहते थे. लेकिन उस शाम वहां एक भी पुलिसवाला नहीं था. दूसरे राज्यों से आकर अपराधी दिनदहाड़े कत्ल कर रहे हैं और पुलिस सिर्फ तमाशा देख रही है.'

क्या गाने और रंजिश के चक्कर में गई जान?

हत्याकांड में सबसे बड़ा और सनसनीखेज मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर कुख्यात 'गोगी गैंग' से जुड़े एक कथित हैंडल से इस कत्ल की जिम्मेदारी ली गई. वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित उनके विरोधी गुट के संपर्क में था और उसने गोगी से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था. इस पोस्ट के सामने आते ही इलाके में खूनी 'गैंगवॉर' की सुगबुगाहट और दहशत और बढ़ गई है.

CCTV फुटेज से खुलेगा 4 बेखौफ चेहरों का राज

पुलिस के लिए 1 मिनट 6 सेकंड का यह सीसीटीवी फुटेज अब सबसे बड़ा और प्राथमिक सबूत बन चुका है.इसमें हमलावरों की चाल-ढाल, उनके बिना ढके चेहरे और भागने की दिशा साफ दिख रही है. पुलिस की कई सर्विलांस और एसओजी (SOG) टीमें शूटरों के आने-जाने वाले रूट को खंगाल रही हैं. सूत्रों के मुताबिक संदिग्धों की लोकेशन हरियाणा में ट्रेस हुई है जिसके बाद शामली पुलिस की कई टीमें पड़ोसी राज्य में लगातार छापेमारी कर रही हैं.

परिवार का साफ कहना है कि अंकित का किसी भी अपराधी या गैंग से कोई लेना-देना नहीं था. ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या अंकित वाकई किसी गैंगवॉर का शिकार बना या फिर पुलिस जांच की दिशा भटकाने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट डाली गई है? फिलहाल पूरी शामली पुलिस इन चार बेखौफ चेहरों को बेनकाब करने में जुटी है.

ये भी पढ़ें: बरेली में रक्षाबंधन कार्यक्रम में ऐसा क्या हुआ जो बेहोश होकर गिरने लगे लोग, एक महिला की तो हो गई मौत!