गाजीपुर में महिला ने अपने ही 2 सगे बेटों को मार डाला, 9 साल की बेटी ने बताई मां की करतूत

विनय कुमार सिंह

• 01:12 PM • 27 Aug 2026

गाजीपुर में बंद कमरे से दो नाबालिग भाइयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने मां पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. 9 साल की बहन के बयान से मामला खुला. पारिवारिक कलह के बीच हुई वारदात में रॉड और जहर की आशंका जांच के घेरे में है.

Ghazipur Double Murder Case

Ghazipur Double Murder Case

Google CTA

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. खानपुर थाना क्षेत्र के रजहटी गांव में एक घर के बंद कमरे से दो सगे नाबालिग भाइयों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए हैं. पुलिस की पड़ताल में इस खूनी खेल के पीछे किसी और का नहीं बल्कि मासूमों की सगी मां का ही हाथ होने का गंभीर आरोप सामने आया है. पति की दूसरी शादी के तनाव और पारिवारिक कलह के बीच घटी इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश 9 साल की छोटी बहन ने किया है. पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है.

यह भी पढ़ें...

बंद कमरे में बिस्तरों पर पड़े मिले दो सगे भाइयों के शव

यह खौफनाक मामला 26 अगस्त की रात का है. घर के बंद कमरे से 14 और 12 साल के दो सगे भाइयों के शव मिलने से हड़कंप मच गया. परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे दृश्य की वीडियोग्राफी कराते हुए कमरा खुलवाया जहां दोनों बच्चे अपने-अपने बिस्तरों पर मृत अवस्था में पड़े मिले.पुलिस को घटनास्थल से एक लोहे की रॉड बरामद हुई है. आशंका जताई जा रही है कि इसी रॉड से वार करके बच्चों की बेरहमी से हत्या की गई है.

9 साल की बहन ने पुलिस को बताई मां की करतूत

इस सनसनीखेज वारदात की सबसे अहम और चौंकाने वाली कड़ी घर की 9 साल छोटी बेटी प्रतिभा बनी.मासूम बच्ची ने पुलिस के सामने बयान देते हुए बताया कि उसने अपनी मां को ही अपने भाइयों पर हमला करते और इस वारदात को अंजाम देते हुए अपनी आंखों से देखा था. बच्ची के इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस ने जांच की दिशा तुरंत बदलते हुए आरोपी मां पर शिकंजा कस दिया.

हत्या के पीछे की वजह चौंका देगी

पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बच्चों के पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं.उन्होंने वहां दूसरी शादी कर ली है. पति की दूसरी शादी को लेकर घर में आए दिन विवाद और भारी तनाव रहता था. शुरुआती जांच में इसी पारिवारिक कलह को कत्ल की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस के मुताबिक बच्चों की हत्या करने के बाद मां ने भी जान देने की कोशिश की थी.

खाने में जहर देने की आशंका

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि कहीं रॉड से हमला करने से पहले बच्चों को खाने या पेय पदार्थ में कोई जहरीला या नशीला पदार्थ तो नहीं दिया गया था.फॉरेंसिक टीम ने खाने के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं. एसपी डॉ. ईरज राजा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी. हर पहलू की बारीकी से जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.