उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में एक सनसनीखेज मोड़ आ गया है. सरेराह 20 राउंड फायरिंग कर सिंगर को मौत के घाट उतारने के बाद अब हरियाणा की कुख्यात 'गोगी गैंग' ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर गैंग ने न सिर्फ हत्या की वजह बताई है बल्कि खुलेआम आगे और खून-खराबा करने की खौफनाक धमकी भी दी है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम पोस्ट में गोगी गैंग का दावा
गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे भोलू सहापुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो रहा है. इस पोस्ट में अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली गई है. पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित बालियान उनके दुश्मनों के संपर्क में था और उसने गोगी के साथ हुई घटना के ऊपर गाना बनाया था. ऐसे में उसे असका अंजाम मिल गया. पोस्ट में आगे लिखा गया 'जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा उसके साथ भी यही होगा.' पोस्ट में बेहद गंभीर लहजे में लिखा गया 'ये तो अभी शुरुआत है, सबका नंबर आएगा.' गैंग की इस खुली चेतावनी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं'
कौन भोलू शाहपुरिया ?
भोलू शाहपुरिया इस समय कनाडा के टोरंटो में बैठा है.यहां से वह अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है. भोलू शाहपुरिया लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है. बता दें कि भोलू हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है .
जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने बरसाईं 20 गोलियां
यह दिल दहला देने वाली वारदात बुधवार शाम करीब 7 बजे शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नालापटरी आर्यपुरी इलाके में हुई. बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले सिंगर अंकित बालियान पिछले एक साल से आर्यपुरी स्थित जिम में रोजाना आते-जाते थे. बुधवार को जैसे ही वह वर्कआउट करके जिम से बाहर निकले पहले से घात लगाकर बैठे 4 हथियारबंद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं. सिर में गोली लगने के कारण अंकित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
वारदात की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया. हालांकि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई और आरोपियों को जल्द पकड़ने के आश्वासन के बाद ही जाम खुलवाया जा सका.
कौन थे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान?
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक उभरता हुआ चेहरा थे. वह अपने सुपरहिट गाने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' से सुर्खियों में आए थे और काफी लोकप्रिय हुए थे. अंकित हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर अपने म्यूजिक वीडियो और एक्टिंग प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे. फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है और गोगी गैंग के तार खंगालते हुए हमलावरों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.
ADVERTISEMENT











