उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम 20 गोलियां मारकर की गई हत्या से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है. राखी के त्यौहार से ठीक पहले घर के इकलौते चिराग के बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक तरफ जहां मां बेसुध पड़ी हैं और उनकी जुबान से शब्द नहीं निकल रहे. वहीं अंकित की चाची का गुस्सा पुलिस प्रशासन और हत्यारों पर बुरी तरह फूटा है.अंकित की चाची ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए हत्यारों के सीधे एनकाउंटर की मांग कर दी है.
ADVERTISEMENT
'आंखों के सामने एनकाउंटर हो, तब मिलेगी तसल्ली'
अंकित की चाची ने भरे गले और भारी आक्रोश के साथ कहा कि पुलिस अपराधियों पर ऐसी सख्त कार्रवाई करे कि मिसाल बन जाए.उन्होंने कहा 'जैसे हमारे मासूम बेटे को गोलियों से भून दिया गया ठीक वैसे ही पुलिस हत्यारों का एनकाउंटर करे. वो भी हमारी आंखों के सामने होना चाहिए तभी जाकर हमारे कलेजे को तसल्ली मिलेगी.'
चुनाव लड़ने की थी तैयारी
चाची के मुताबिक, अंकित आगामी जिला पंचायत का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था और उसकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बाहर से आए शूटरों ने किस रंजिश में उनके बेटे की जान ले ली?
पुलिस की लापरवाही पर उठाए सवाल
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी तीखे सवाल दागे हैं. चाची ने आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा से बदमाश शामली की सीमा में दाखिल हो जाते हैं, दिनदहाड़े हत्या करके फरार हो जाते हैं और पुलिस को भनक तक नहीं लगती. कहां गई पुलिस की गश्त और सुरक्षा?'
उन्होंने यह भी कहा कि वारदात के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव को सीधे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले घर में खुशियों की जगह चीख-पुकार और मातम पसरा है.
मां का रो-रोकर बुरा हाल
अंकित की मां सदमे में हैं और बार-बार बेसुध हो जा रही हैं. उनमें बात करने तक की हिम्मत नहीं बची है. वह बस बार-बार अपने बेटे के कातिलों को सख्त सजा दिए जाने की गुहार लगा रही हैं.अंकित के अंतिम संस्कार को देखते हुए गांव और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
गोगी गैंग का पोस्ट और परिजनों का चक्काजाम
सदर कोतवाली क्षेत्र के नालापटरी आर्यपुरी में जिम के बाहर हुई इस खूनी वारदात के बाद परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया था जिसे पुलिस अधिकारियों के जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर खोला गया. इस बीच हरियाणा की कुख्यात 'गोगी गैंग' का सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद मामला और ज्यादा गहरा गया है जिसमें गैंग ने अंकित पर विरोधियों से संबंध रखने और गाना बनाने का आरोप लगाते हुए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है.
ADVERTISEMENT











