Jalaun Nazar Khan and Girl Case: जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में छेड़खानी से परेशान एक लड़की ने कुछ ऐसा किया जिसकी सब तारीफ कर रहे हैं. आरोप है कि पिछले 3 महीने से एक लड़का उसका पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था. बीती रात लड़का दीवार फांदकर लड़की के घर में घुस आया और गलत हरकत करने की कोशिश की. लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी लड़के को पकड़ लिया और चप्पलों से उसकी पिटाई शुरु कर दी. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी लड़के को हिरासत में ले लिया.
ADVERTISEMENT
तीन महीने से पीछा करने का आरोप
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली नाबालिग लड़की ने यह आरोप लगाया है कि नजर खान नाम का लड़का पिछले 3 महीनों से उसका पीछा कर रहा था. आरोप है कि लड़का आए दिन उसे परेशान करता था. लड़की के मुताबिक वह आरोपी की हरकतों से काफी परेशान थी. बीती रात जब लड़की घर में अकेली थी तभी आरोपी मौका पाकर दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गया.
घर में घुसा तो लड़की ने दिखाई हिम्मत
आरोप है कि घर में घुसने के बाद लड़के ने लड़की के साथ अभद्र हरकत करने का प्रयास किया. शुरुआत में वो डर गई, लेकिन इसके बाद उसने हिम्मत जुटाई और आरोपी को पकड़ लिया और चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी. उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाना शुरु कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी लड़के को हिरासत में ले लिया. जालौन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मामले में कार्रवाई की जानकारी दी. पुलिस ने लिखा 'प्रकरण के सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोंच को जांच कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है.' पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT











