Baghpat Double Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक नामी टेंट व्यवसायी और उनके बेटे की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देकर भाग रहे मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को आक्रोशित भीड़ ने दबोच लिया. भीड़ के गुस्से और कानून को हाथ में लेने का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग आरोपी को बेरहमी से पीटते और उस पर गोली चलाते दिख रहे हैं. बता दें कि अब मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी वरुण लोहारी की भी मौत हो गई है. इस घटना के बाद पूरे बागपत में तनाव का माहौल है.
ADVERTISEMENT
पुलिस चौकी के पास बरसाईं अंधाधुंध गोलियां
यह मामला बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली अड्डे (एनएच-709बी) का है, जो तहसील और बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है. रोज की तरह टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी अपने अन्य साथियों के साथ वहां आ धमका और सोहनलाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी की आवाज सुनकर दुकान की तरफ भागे सोहनलाल के बेटे विकास अग्रवाल ने जब पिता को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा. बदमाशों ने पिता-पुत्र पर कई राउंड गोलियां दागीं, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आकर रोहित नामक एक राहगीर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
भीड़ का शिकार बना मुख्य आरोपी
डबल मर्डर को अंजाम देकर भाग रहे शूटर वरुण लुहारी को स्थानीय लोगों और आक्रोशित भीड़ ने चारों तरफ से घेर लिया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक चौंकाने वाले वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गुस्साई भीड़ ने वरुण को पकड़कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. इसी बीच भीड़ में से ही एक अज्ञात शख्स ने वरुण पर बेहद करीब से गोली चला दी. लहूलुहान और गंभीर रूप से जख्मी हालत में वरुण को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया. हालांकि, वरुण की मौत को लेकर उसके परिजनों का दावा है कि पुलिस प्रशासन ने अभी तक उन्हें इस बात की कोई पुख्ता या आधिकारिक सूचना नहीं दी है.
10 साल पुरानी मामूली कहासुनी का खूनी अंजाम
पुलिस की शुरुआती जांच में इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के पीछे एक दशक पुरानी रंजिश की बात सामने आई है. दरअसल, करीब 10 साल पहले वरुण के भाई कपिल की कोल्ड ड्रिंक और नमकीन के मामूली लेनदेन को लेकर व्यापारी सोहनलाल के परिवार से बहस हुई थी. इसी झगड़े में वरुण के भाई कपिल की जान चली गई थी, जबकि व्यापारी पक्ष से भी एक व्यक्ति मारा गया था. इसी पुराने झगड़े के चलते वरुण ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया .
आक्रोशित व्यापारियों ने किया बाजार बंद
दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड और सुरक्षा व्यवस्था में चूक से भड़के स्थानीय व्यापारियों और परिजनों ने बड़ौत के मुख्य बाजार को पूरी तरह बंद कर दिया. दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शवों को रखकर कई घंटों तक लंबा जाम लगाया गया. प्रदर्शनकारी आरोपियों के तत्काल एनकाउंटर और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. माहौल को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल और आला अधिकारियों को तैनात किया गया. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद ही व्यापारियों ने जाम खोला और पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी. फिलहाल बड़ौत कोतवाली पुलिस इस पूरे घटनाक्रम और वायरल वीडियो की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.
ADVERTISEMENT










