दोनों बहनें आधी रात अपने-अपने बॉयफ्रेंड्स से बात कर रही थीं... पिता रामप्रसाद सहनी ने देखा और तब तक मारा जब तक नहीं हुई मौत!

यूपी तक

• 05:21 PM • 09 Jun 2026

Kushinagar Honor Killing: कुशीनगर में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रेम संबंधों से नाराज पिता और दो भाइयों पर दो सगी बहनों की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है. पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता की तलाश जारी है.

UP Tak

Kushinagar Honor Killing

Google CTA

Kushinagar Honor Killing: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सेवरही थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर अपनी ही दो जवान बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों बहनों का गांव के ही दो स्वजातीय युवकों के साथ अफेयर चल रहा था जिससे नाराज होकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. आधी रात को दोनों बहनों को प्रेमियों से मोबाइल पर बात करते देख पिता और भाई इस कदर आगबबूला हुए कि उन्होंने डंडों से पीट-पीटकर दोनों को घर के भीतर ही ढेर कर दिया. इस मामले में पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है  जबकि मुख्य आरोपी पिता अभी भी फरार है.

यह भी पढ़ें...

प्रेमी संग हो चुकी थीं फरार

दिल दहला देने वाली यह वारदात कुशीनगर के सेवरही थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराघाट देव नारायण टोला की है. यहां के निवासी रामप्रसाद सहनी की दो बेटियों का गांव के ही अपनी बिरादरी के दो युवकों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस रिश्ते के खिलाफ पिता पहले भी तीन बार उन युवकों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करा चुका था. सामने आई जानकारी के मुताबिक ये दोनों बहनें पहले भी अपने प्रेमियों के साथ घर छोड़कर फरार भी हो गई थीं जिसके बाद सेवरही थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दूसरे शहर से बरामद कर परिजनों को सौंपा था. 

पिता और भाई देते थे हिदायत 

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पिता रामप्रसाद और भाइयों ने दोनों बहनों को उन युवकों से पूरी तरह दूर रहने और भविष्य में कोई संपर्क न रखने की कई बार सख्त हिदायत दी थी. परिजनों के कड़े विरोध के बावजूद दोनों बहनों का अपने प्रेमियों से जुड़ाव खत्म नहीं हुआ और वे छिप-छिपे मोबाइल के जरिए लगातार उन युवकों के संपर्क में बनी रहीं.

आधी रात को फोन पर बात करते पकड़ा 

घटना की रात दोनों बहनें आधी रात को चुपके से मोबाइल फोन पर अपने प्रेमियों से बात कर रही थीं. इसी दौरान पिता और भाइयों की नजर उन पर पड़ गई. बेटियों को मना करने के बाद भी फोन पर बात करते देख उनका खून खौल उठा. उन्होंने तुरंत बहनों से मोबाइल फोन छीन लिया और घर के भीतर ही डंडे बरसाने शुरू कर दिए. गुस्सा इस कदर हावी था कि पिता और भाइयों ने मिलकर दोनों बहनों को तब तक बेरहमी से पीटा जब तक कि उनकी सांसें नहीं थम गईं. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

दो भाई गिरफ्तार लेकिन पिता की तलाश अभी भी जारी  

दोहरी हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता और भाई मौके से फरार हो गए. सुबह घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची सेवरही थाना पुलिस ने दोनों बहनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल मृतका के दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, बेटियों के कत्ल का मुख्य आरोपी पिता रामप्रसाद सहनी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. इलाके में इस ऑनर किलिंग को लेकर तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है.