Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सिकंदराबाद क्षेत्र के एक होटल में प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जिंदगी खत्म करने की कोशिश की. इस दर्दनाक हादसे में 22 साल की युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
होटल के कमरे में मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर के जारचा क्षेत्र की रहने वाली 22 साल की सुरभि और छायसा गांव के 19 साल के रहने वाले पवन बुधवार सुबह करीब 10:50 बजे सिकंदराबाद के एक होटल में आकर रुके थे. दोनों दिनभर कमरे के अंदर ही थे. शाम के वक्त जब होटल का सफाई कर्मचारी कमरे की सफाई करने के लिए पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए.
कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और सुरभि अचेत अवस्था में पड़ी थी. उसका आधा शरीर बेड पर और आधा नीचे की तरफ लटका हुआ था जबकि पवन उस समय कमरे में मौजूद नहीं था. सफाईकर्मी ने तुरंत इसकी सूचना होटल प्रबंधन को दी, जिसके बाद मैनेजर अरुण ने फौरन 112 और स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया.
कमरे की तलाशी में मिला कीटनाशक
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा . शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने गायब युवक पवन की तलाश शुरू की. छानबीन के दौरान पता चला कि तबीयत बिगड़ने के कारण पवन को औद्योगिक क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
जब पुलिस ने होटल के कमरे की गहनता से तलाशी ली तो वहां से कीटनाशक और चूहे मारने की दवा बरामद हुई, आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने इसी विषैले पदार्थ खाया था.
प्रेम प्रसंग और सामाजिक दीवार की आशंका
पुलिस को मौके से मिले पहचान पत्रों के आधार पर दोनों की पहचान और उम्र की पुष्टि हुई. शुरुवाती जांच और स्थानीय इनपुट्स के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस इस कोण से भी मामले की पड़ताल कर रही है कि अलग-अलग जाति और सामाजिक बंधनों के कारण शायद उनकी शादी नहीं हो पा रही थी, जिससे परेशान होकर दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया. होटल के मैनेजर अरुण के बयान के अनुसार, युवक शाम को करीब 3 से 4 बजे के बीच अकेले ही होटल से बाहर निकल गया था.
पुलिस की जांच जारी
सिकंदराबाद के क्षेत्राधिकारी (CO) भास्कर मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कमरे से बरामद हुए संदिग्ध जहरीले पदार्थ को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती अनुमान है कि युवक ने संभवतः कम मात्रा में जहर खाया था, जिससे उसकी तबीयत तो बिगड़ी लेकिन उसकी जान बच गई. पुलिस अब घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR), होटल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा ले रही है.
ADVERTISEMENT










