इटावा, उत्तर प्रदेश: यूपी के इटावा से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला वीडियो सामने आया है. यहां कल देर शाम आई तेज आंधी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. हवा में तिनके की तरह उड़ता हुआ एक टीन शेड सड़क से गुजर रही एक महिला की बिल्कुल गर्दन के पास से गुजरा.
ADVERTISEMENT
गनीमत रही कि महिला की गर्दन से टकराया नहीं और उसकी जान बाल-बाल बच गई. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
90 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
मौसम विभाग ने कल देर शाम इलाके में तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया था. इसके कुछ ही देर बाद करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं. इस आंधी का असर इतना जोरदार था कि शहर में कई जगह पेड़ उखड़ गए और घरों के टीन शेड हवा में उड़ गए.
कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
घटना थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के भरथना चौराहे के पास, दिव्यांशी हॉस्पिटल के सामने की है. आंधी के दौरान वहां मौजूद एक युवक अपने मोबाइल से मौसम का वीडियो बना रहा था. तभी अचानक हवा में तैरता हुआ एक भारी-भरकम टीन शेड बेहद तेज रफ्तार से आया.
उसी वक्त वहां से एक महिला गुजर रही थी. ऐसा लगा कि टीन शेड उसकी गर्दन से टकरा जाएगा. आसपास खड़े लोग महिला को सचेत करने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे. शोर सुनकर महिला ने फुर्ती दिखाई और खुद को बचाया, जिसके बाद टीन शेड उड़ता हुआ आगे निकल गया.
टीन शेड की रफ्तार और धार इतनी तेज थी कि महिला की गर्दन पर गंभीर चोट आ सकती थी या कोई बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और महिला की किस्मत से उसकी जान बच गई.
मौसम विभाग की चेतावनी को न करें नजरअंदाज
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोग चर्चा कर रहे हैं कि ऐसी तेज आंधी में अब सड़कों पर चलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है.
मौसम विभाग लगातार लोगों के मोबाइल पर तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट भेज रहा है. प्रशासन ने भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान लोग सतर्क रहें, घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT










