6 साल में तीन लड़कियों से शादी और अब चौथी की थी तलाश! झांसी के सुनील कुमार की तीनों पत्नियां पहुंच गईं SSP के पास

Lootera Dulha: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां एक फरेबी दूल्हे ने महज 6 साल में तीन शादियां कर हैट्रिक लगा दी. आरोपी सुनील कुमार ने हर बार खुद को कुंवारा बताकर दहेज और जेवर हड़पे और पत्नियों को घर से निकाल दिया. मामले का खुलासा तब हुआ जब तीनों पत्नियां एक साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचीं और अपने पति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.

Jhansi Lootera Dulha story

प्रमोद कुमार गौतम

06 Feb 2026 (अपडेटेड: 06 Feb 2026, 01:00 PM)

follow google news

Lootera Dulha: अभी तक आपने लुटेरी दुल्हनों की कहानियां खूब सुनी होंगी जो शादी के बाद जेवर और नकदी लेकर रफूचक्कर हो जाती हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के झांसी में इसका बिल्कुल उल्टा और बेहद फिल्मी मामला सामने आया है. यहां एक फरेबी दूल्हे ने महज 6 साल के भीतर शादियों की हैट्रिक लगा दी. ताज्जुब की बात यह है कि वह तीनों पत्नियों का दहेज और जेवर हड़प कर उन्हें घर से निकाल चुका है और अब चौका मारने यानी चौथी शादी की फिराक में था. यह मामला तब खुला जब झांसी एसएसपी कार्यालय में तीन महिलाएं एक साथ पहुंचीं. देखने में यह सहेलियां लग रही थीं. लेकिन जब उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए. 

यह भी पढ़ें...

सुनील के फरेब की क्रोनोलॉजी

इन तीनों महिलाओं का पति एक ही है जिसका नाम है सुनील कुमाार. फरेबी पति सुनील कुमार ललितपुर के लिधोरा गांव का रहने वाला है. सुनील की पहली शादी साल 2019 में ललितपुर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई. पिता रेलवे में गैंगमैन थे तो रसूख दिखाकर करीब 8 लाख रुपये का दहेज लिया गया. कुछ महीने बाद अतिरिक्त दहेज की मांग कर पत्नी को मायके भगा दिया और कोर्ट से तलाक का नोटिस भेज दिया. पहली पत्नी का मामला कोर्ट में था ही कि सुनील ने खुद को कुंवारा बताकर पास के ही एक गांव में साल 2011 में दूसरी शादी कर ली. यहां भी 8 लाख रुपये और जेवर समेटे. जब दूसरी पत्नी को पहली शादी का पता चला तो मारपीट कर उसे भी घर से निकाल दिया. हद तो तब हो गई जब सुनील ने झांसी के बबीना में तीसरी बार साल 2023 में सेहरा सजा लिया. तीसरी पत्नी से उसे एक बेटी भी है. उसे जब पता चला कि वह सुनील की तीसरी पत्नी है तो उसने हिम्मत जुटाई और बाकी दोनों पत्नियों को ढूंढ निकाला.

पत्नियों ने लगाए ये सारे आरोप

तीनों पत्नियों का आरोप है कि सुनील कोई काम-धंधा नहीं करता है. लड़कियों से शादी को उसने धंधा बना लिया है. पुलिस के सामने सुनील की दूसरी पत्नी ने बताया कि 'हमसे शादी के वक्त कहा गया कि वह अविवाहित है. पापा ने हैसियत से ज्यादा दहेज दिया. फिर भी उसे सोने की चेन और बुलेट गाड़ी चाहिए थी. मना करने पर बुरी तरह मारा-पीटा.' अब इन तीनों को खबर मिली है कि सुनील चौथी शादी करने की तैयारी कर रहा है जिसके बाद तीनों ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया.

जल्द गिरफ्तार करेगी पुलिस

एसएसपी ऑफिस में तीनों पत्नियों ने एक सुर में सुनील के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि वह किसी और मासूम लड़की की जिंदगी बर्बाद न कर सके. मामले की गंभीरता को देखते हुए बबीना थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें: गाजियाबाद की 3 बहनों के केस के बाद अब बस्ती से 3 लड़कियां गायब! इनमें भी 2 सगी बहनें तो मचा हड़कंप