LPG Shortage Basti:देश भर में रसोई गैस किल्लत ने आम जनता को बेहाल कर दिया है. हालात यह हैं कि उपभोक्ता रात 10 बजे से ही अपने खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर लाइन लगा दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर वे सुबह आएंगे तो उन्हें सिलेंडर मिलना नामुमकिन है. इसलिए वे रात भर एजेंसी के बाहर डेरा डाले रहते हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर लेटा हुआ नजर आ रहा है ताकि सुबह उठते ही उसे रसोई गैस मिल सके.
ADVERTISEMENT
गैस एजेंसी के बाहर लग रही लंबी लाइनें
ये पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित रत्नाकर गैस एजेंसी से जुड़ा है. यहां लोग गैस किल्लत से इस कदर परेशान हैं कि उपभोक्ता रात 10 बजे से ही एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर अपना नंबर सुरक्षित करने के लिए एंजेसी पर ही डेरा डाल लिए हैं. इतना ही नहीं लोग मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी लगाकर वहीं सोने को भी मजबूर हैं.रसोई गैस की समस्या युवाओं तक सीमित नहीं है. बेमौसम हो रही बारिश के बीच बढ़ी ठंड और मच्छरों के प्रकोप के बीच बुजुर्गों और महिलाओं को भी इसी तरह घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. स्थानीय उपभोक्ताओं में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है. रत्नाकर गैस एजेंसी के बाहर जमा भीड़ का कहना है कि गैस की नियमित आपूर्ति न होने के कारण स्थिति हाहाकार जैसी हो गई है.
प्रशासन से समाधान की मांग
पड़ताल में सामने आया कि कई दिनों से आपूर्ति बाधित होने के कारण बैकलाग बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुधारा जाए और कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए.लोगों का तर्क है कि डिजिटल इंडिया के दौर में अगर एक सिलेंडर के लिए रात भर सड़क पर मच्छरदानी लगाकर सोना पड़ रहा है तो यह व्यवस्था की बड़ी विफलता है.
ADVERTISEMENT









