Father Killed Daughter: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाएगी. थाना नरोरा क्षेत्र के गांव रतनपुर में एक पिता पुष्पेंद्र ने अपनी ही 12 साल की बेटी पूजा को पीट-पीटकर उसकी जान ले ली. मासूम बच्ची का जुर्म सिर्फ इतना थी कि वह एक दुकान से बिना पैसे दिए एक टॉफी का डब्बा उठाकर घर ले आई थी. लेकिन इसकी खबर जैसे ही पूजा के पिता पुष्पेंद्र के कानों तक पहुंची उसने बच्ची को बिना सोचे समझे डंडे से पीटना शुरू कर दिया.आरोपी पिता ने बच्ची को इतना पीटा की वह बेहोश होकर गिर गई और आखिरकर उसकी मौत हो गई. जांच में सामने आया है कि बच्ची के सिर की हड्डी टूट गई थी.
ADVERTISEMENT
शराबी पिता ने बच्ची को पीट-पीटकर तोड़ डाली सिर की हड्डी
यह पूरी घटना बृहस्पतिवार की है. 12 साल की मासूम बच्ची की मां आरती ने बताया कि उसका पति पुष्पेंद्र नशे का आदी है. वह अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था. आरती के आरोप के मुताबिक, बृहस्पतिवार के दिन पुष्पेंद्र गांव की एक दुकान पर गया था. दुकानदार ने शिकायत की कि उसकी बेटी पूजा दुकान से बिना बताए और बिना पैसे दिए टॉफी का एक डिब्बा ले गई है. बस इतनी सी बात पर पुष्पेंद्र के सिर पर खून सवार हो गया. वह शाम करीब 5 बजे घर पहुंचा और लकड़ी का डंडा उठाकर पीटना शुरू कर दिया. जब बच्ची की मां आरती ने उसे रोकने की बहुत कोशिश की. लेकिन पुष्पेंद्र फिर भी नहीं रूका और वह तब तक पूजा को पीटता रहा जब तक वह लहूलुहान होकर बेहोश नहीं हो गई.
कमरे में कैद तड़पती बेटी को छोड़कर भाग गया पुष्पेंद्र
बेटी को अधमरा करने के बाद भी पुष्पेंद्र का दिल नहीं पसीजा. उसने मरती हुई बेटी और बेबस मां को घर के अंदर बंद कर दिया और किसी को बुलाने पर जान से मारने की धमकी दी. रात में जब पूजा की सांसें उखड़ने लगीं. तब वह मौका पाकर वहां से फरार हो गया. मां के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला और बच्ची को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम कराया तो डॉक्टरों की टीम भी सन्न रह गई. मासूम पूजा के शरीर पर 10 से 12 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. सिर पर हुए जानलेवा हमले से उसकी खोपड़ी की हड्डी टूट चुकी थी.
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी मधु कुमार सिंह के मुताबिक, मां आरती की तहरीर पर आरोपी पिता पुष्पेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें फरार कातिल पिता की तलाश में दबिश दे रही हैं.
ADVERTISEMENT









