Pooja Tiwari Rank 7th in UPPCS: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा जारी PCS 2024 के फाइनल रिजल्ट में अम्बेडकरनगर जनपद का दबदबा देखने को मिला है. टाण्डा तहसील के आराजी तेंदुआ की रहने वाली पूजा तिवारी ने7वीं रैंक हासिल की है. पूजा के अलावा जिले के कई अन्य होनहारों को डिप्टी एसपी, एसडीएम और बीडीओ जैसे पदों पर कामयाबी हासिल की है.
ADVERTISEMENT
पूजा तिवारी की कहानी
7वीं रैंक हासिल करने वाली पूजा तिवारी एक पुलिस परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके पिता राम बुझ तिवारी वर्तमान में कुशीनगर जनपद के थाना रविन्द्र नगर में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. पूजा की प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ के सीएमएस से हुई. स्कूलिंग के बाद पूजा ने लखनऊ विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन और फिर जेएनयू से एमए किया.
कोई बना डिप्टी एसपी तो कोई बन गया बीडीओ और असिस्टेंट कमिश्नर
पूजा तिवारी ने जहां टॉप 10 लिस्ट में अपनी जगह बनाई है. वहीं उनके अलावा जिले के कई और मेधावियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अकबरपुर तहसील के जैनापुर की रहने वाली सृष्टि का चयन एसडीएम (SDM) पद पर हुआ है. सृष्टि ने 26वीं रैंक हासिल की है. आलापुर के महमूदपुर चक फरीदपुर निवासी किसान के बेटे विमलेश ने डिप्टी एसपी बनकर जिले का मान बढ़ाया है. वहीं सब-इंस्पेक्टर राम नरेश की बेटी कोमल रावत का चयन बीडीओ पद पर हुआ है. प्रिंस पटेल और सर्वेश वर्मा का चयन असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) पद पर हुआ है. अभिषेक पाल और अभिनंदन सिंह ने भी बीडीओ पद पर अपनी जगह पक्की की है. राज सिंह, अविरल वर्मा और हर्ष सिंह इन तीनों युवाओं का चयन नायब तहसीलदार के गौरवशाली पद पर हुआ है. वहीं मयंक मौर्य और विष्णु कांत मिश्र ये दोनों होनहार वाणिज्य कर अधिकारी/सेल्स टैक्स ऑफिसर के रूप में सेवाएं देंगे.
जिले में जश्न का माहौल
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के प्रशासनिक सेवाओं में चयन होने से अम्बेडकरनगर के अकबरपुर, टाण्डा, जलालपुर और आलापुर क्षेत्रों में जश्न का माहौल है.परिजनों का कहना है कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी.
ADVERTISEMENT









