Sudden Cardiac Arrest while Playing: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. पस्तोर गली के रहने वाले 58 साल के सुधीर गुप्ता महोबा जिला स्टेडियम में हर रोज की तरह बैडमिंटन खेलने गए थे. सुधीर जब अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहे थे तभी अचानक उनके कदम लड़खड़ाने लगे. इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि सुधीर खेल के दौरान काफी एक्टिव थे. उन्होंने एक के बाद एक तीन दमदार शॉट खेले. लेकिन तीसरे शॉट के महज 11 सेकंड बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. उनके कदम लड़खड़ाए जिसके बाद उनका हाथ सीने की तरफ गया और देखते ही देखते मात्र 5 सेकंड के भीतर वह जमीन पर अचेत होकर गिर पड़े.
ADVERTISEMENT
सडन कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत?
सुधीर को अचानक गिरता देख स्टेडियम में हड़कंप मच गया. साथी खिलाड़ी और वहां मौजूद लोग तुरंत उनकी ओर दौड़े और उन्हें आनन-फानन में उठाकर जिला अस्पताल ले गए. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों का प्रारंभिक अनुमान है कि यह सडन कार्डियक अरेस्ट या साइलेंट हार्ट अटैक का मामला है जिसमें व्यक्ति को संभलने या मदद मांगने का मौका तक नहीं मिलता.
इस घटना के बाद सुधीर गुप्ता के परिवार में कोहराम मच गया है. हंसते-खेलते इंसान की इस तरह अचानक मौत से पूरा मोहल्ला और साथी खिलाड़ी सदमे में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो अब लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि खेल के मैदान पर भी जिंदगी कितनी अनिश्चित हो सकती है. यह मामला एक बार फिर बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों और शारीरिक गतिविधियों के दौरान दिल की सेहत के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दे रहा है.
ADVERTISEMENT









