Jhansi News: तारीख 4 जुलाई की रात... जगह झांसी का मशहूर रामराजा दवा बाजार. बाजार बंद हो चुका था और चारों तरफ सन्नाटा था. सब कुछ बेहद सामान्य दिख रहा था. लेकिन किसी को कानों-कान खबर नहीं थी कि उसी बिल्डिंग की छत पर बने एक बाथरूम में दो लोग बुर्का पहने पिछले 5 घंटे से चुपचाप बैठे थे. जैसे ही घड़ी की सुइयों ने तड़के के 3 बजाए दोनों बुर्कापोश नीचे उतरे और गन पॉइंट पर लाखों की सनसनीखेज डकैती को अंजाम दे डाला. हालांकि खुद को शातिर समझने वाले इन बदमाशों का अंत भी फिल्मी ही हुआ. पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों के पैर छलनी हो गए और अब वे सलाखों के पीछे हैं.
ADVERTISEMENT
बाथरूम में 5 घंटे का इंतजार और बंधक बने गार्ड्स
पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासा हुआ है वह हैरान करने वाला है. आरोपी बाजार बंद होने से पहले ही बुर्का पहनकर चुपचाप बिल्डिंग में दाखिल हो गए थे ताकि कोई उन्हें पहचान न सके. पकड़े जाने के डर से वे रातभर छत के बाथरूम में दुबके रहे. तड़के 3 बजे जब सन्नाटा गहराया तो दोनों नीचे आए. उन्होंने वहां ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों को तमंचे के बल पर दबोच लिया. गार्ड्स के हाथ-पैर बांधकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और एक कोने में डाल दिया गया.
गैस कटर से काटा शटर और लूट लिए लाखों
रास्ता साफ होते ही बदमाश पहली मंजिल पर स्थित महेश मेडिकल एजेंसी पहुंचे. वे अपने साथ बाकायदा तैयारी से आए थे. ग्राइंडर मशीन और गैस कटर की मदद से उन्होंने दुकान के शटर और ताले चुटकियों में काट डाले. इसके बाद दुकान और वेयरहाउस में रखी करीब 2 लाख रुपये की नकदी समेट ली.
शातिर बदमाशों ने सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए. कुछ का रुख मोड़ दिया तो कुछ पर कागज चिपका दिया. लेकिन कहते हैं न कि चोर कितना भी शातिर हो कोई न कोई कसर छोड़ ही देता है. उनकी कुछ हरकतें तीसरे कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं जो उनकी बर्बादी का सबब बनीं.
CCTV फुटेज से सुराग और फिर हाफ एनकाउंटर
वारदात के बाद झांसी की नवाबाद थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस यूनिट ने आसमान एक कर दिया. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों केजाल की मदद से पुलिस को सटीक लोकेशन मिली कि दोनों बदमाश भगवंतपुरा से बसेरा फार्म जाने वाले रास्ते पर छिपे हैं.
पुलिस ने जैसे ही घेराबंदी की बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं. मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़े जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान छोटेलाल राजपूत उर्फ पवन और दिनेश लोधी के रूप में हुई है.
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने इनके पास से लूटी गई रकम में से 1,49,100 रुपये नकद, .315 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और दुकान का शटर काटने वाली ग्राइंडर मशीन बरामद कर ली है.
गैंग की तलाश में जुटी पुलिस
झांसी की एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. फिलहाल गोली लगने के कारण दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इस पूरी साजिश में क्या सिर्फ यही दोनों शामिल थे या इनके पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह काम कर रहा है. जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT











