Ghaziabad Chhena Rasgulla Raid News: रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है. ऐसे में भाई के लिए राखा खरीदने के साथ-साथ बहनें मिठाई भी खरीद रही हैं. मगर जो आपके घर के पास मिठाई मिल रही है वो शुद्ध है? हम ऐसा इसलिए पूछ रहे हैं क्योंकि गाजियाबाद से जो खबर सामने आई है वो आपके पैर के नीचे से जमीन खिसका सकती है. यहां 10 कुंतल छेना रसगुल्ला केमिकल मिलकार गंदगी में तैयार किया जा रहा था, जिसे नष्ट कर दिया गया है.
आपको बता दें कि गाजियाबाद में दूध और दूध से बने उत्पादों की लगातार जांच और सैंपलिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग को बड़ी मात्रा में छेना रसगुल्ला तैयार किए जाने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर टीम ने विजयनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा स्थित एक परिसर में छापेमारी की. आरोप है कि यहां करीब 10 कुंतल तैयार छेना रसगुल्ला मिला, जिसे बेहद गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किया गया था.
ADVERTISEMENT
रसगुल्लों में कीड़े और मक्खियां पाई गईं
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मौके पर तैयार रसगुल्लों में कीड़े और मक्खियां भी पाई गईं. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रसगुल्लों के सैम्पल जांच के लिए लिए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दूकानदार पनीर को मैश करने के बाद उसमें स्टार्च मिलाकर छेना तैयार कर रहा था. इसके अलावा मिठाई को सफेद करने और लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए फॉर्मेल्डिहाइड सल्फोक्सिलेट के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है.
अधिकारी के मुताबिक, खाद्य पदार्थ में इस तरह के रसायन के इस्तेमाल को देखते हुए और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए करीब 10 कुंतल तैयार रसगुल्लों को नष्ट किया. लिए गए सैम्पल को जांच के लिए लैब में भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
लाइसेंस किया जाएगा रद्द
विभाग ने रसगुल्लों का निर्माण कर रहे व्यक्ति के खाद्य लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन के मद्देनजर दूध, पनीर, मावा और उनसे बनने वाली मिठाइयों की लगातार जांच की जा रही है. मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. समय रहते हुई इस कार्रवाई से बड़ी मात्रा में संदिग्ध और असुरक्षित मिठाई बाजार में पहुंचने से पहले ही रोक दी गई.
ADVERTISEMENT











