Akhilesh Yadav Talk to Ankit Balyan Father: यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद मामला अब सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रह गया है. हत्याकांड के तीसरे दिन कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन अंकित के गांव बंतीखेड़ा पहुंचीं और परिवार से मुलाकात कर उनका दुख जाना. इसी दौरान अंकित के पिता सतवीर सिंह की फोन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बातचीत हुई. अखिलेश ने परिवार को इंसाफ की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया, जबकि पिता ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग रखी. इसके बाद मामले पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
अंकित के पिता सतवीर सिंह से फोन पर बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होने की बात कही. जवाब में अंकित के पिता ने भी कहा कि 'हम भी आपके साथ हैं.' बातचीत में अखिलेश ने अंकित की तारीफ की और पिता से पूछा कि वह आगे क्या करना चाहते हैं. इस पर सतवीर सिंह ने कहा कि वह आरोपियों का एनकाउंटर चाहते हैं और पुलिस को चार दिन का अल्टीमेटम दिया गया है. अखिलेश ने भरोसा दिलाया कि सपा इस लड़ाई में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और मामला हर स्तर पर उठाया जाएगा.
अखिलेश ने पोस्ट कर सरकार पर साधा निशाना
बातचीत के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने अंकित के पिता से बात करके उन्हें भरोसा दिया है कि इंसाफ की लड़ाई में पार्टी हर कदम पर उनके साथ रहेगी. उन्होंने लिखा, 'रक्षाबंधन के ठीक पहले जिन बहनों ने अपना भाई खोया है और माता-पिता ने पुत्र, उनका दुख अपार है.' अखिलेश ने बालियान समाज की पीड़ा का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की निष्क्रियता और पक्षपातपूर्ण रवैये से समाज के लोग हताश हैं. उन्होंने कहा कि सपा उनके साथ अन्याय नहीं होने देगी और लिखा, 'आज नहीं तो कल इंसाफ होगा जब बदलाव होगा.'
जयंत चौधरी ने जाति का मुद्दा उठाने पर घेरा
अखिलेश यादव की इस टिप्पणी के बाद आरएलडी नेता जयंत चौधरी ने उन्हें निशाने पर लिया. जयंत ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में मृतक की जाति तलाशना और यह कहना कि उसकी जाति के लोगों में आक्रोश है, संवेदनहीनता है. उनके बयान के बाद पश्चिमी यूपी की जाट राजनीति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.
हरियाणा में पुलिस की आठ टीमें दे रहीं दबिश
हत्याकांड की जांच में पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है. एडीजी भानु भास्कर ने कहा है कि पुलिस हत्यारों के काफी करीब पहुंच गई है. उनके मुताबिक हरियाणा में पुलिस की आठ टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस की जांच में उन आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिनके बारे में बताया जा रहा है कि वे दो बाइक पर सवार होकर अंकित की हत्या के लिए पहुंचे थे. हालांकि, अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है.
जिम से लौटते वक्त 15-20 राउंड फायरिंग
घटना 26 अगस्त की शाम शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी आर्यपुरी इलाके की है. अंकित रोज की तरह जिम गए थे. जिम से लौटते समय जब वह अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी. करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. हमले के बाद अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर दिया. अधिकारियों के समझाने के बाद अगले दिन भारी बारिश के बीच अंकित का अंतिम संस्कार हुआ.
गोगी गैंग का नाम भी आया सामने
मामले में गोगी गैंग का नाम भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि अंकित बालियान ने गोगी गैंग के खिलाफ एक गाना लिखा था और इसके बाद विवाद बढ़ने की बात कही जा रही है. हालांकि, इन दावों की पूरी तस्वीर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है. हत्याकांड के बाद परिवार का गुस्सा और राजनीतिक दलों की सक्रियता दोनों बढ़ती जा रही हैं.
ADVERTISEMENT











