25 हजार का इनामी 'सत्तू' UP पुलिस की कार्रवाई में ढेर! जालंधर जेल से था फरार, 10 से ज्यादा मासूमों का किया शिकार

Muzaffarnagar encounter: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में चार राज्यों का वांटेड और 25 हजार रुपये का इनामी 61 साल का सीरियल रेपिस्ट सतपाल उर्फ सत्तू पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है.

यूपी तक

• 03:18 PM • 24 Jun 2026

follow google news

Muzaffarnagar encounter: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में चार राज्यों का वांटेड और 25 हजार रुपये का इनामी 61 साल का सीरियल रेपिस्ट सतपाल उर्फ सत्तू पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है. इस खूंखार अपराधी पर पिछले 4 महीने के अंदर 10 से ज्यादा नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर उनके साथ रेप और गैंगरेप जैसी घिनौनी घटनाओं को अंजाम देने का आरोप था. जालंधर जेल से फरार यह शातिर बदमाश लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन आखिरकार मुजफ्फरनगर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया.

यह भी पढ़ें...

अपहरण के बाद बिछाया गया जाल

19 जून को मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक नाबालिग लड़की को ऑरा कार से किडनैप कर लिया गया है. इस सूचना के बाद पुलिस की करीब 10 टीमें तुरंत हरकत में आ गई थीं. पुलिस ने सुराग जुटाने के लिए 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे, जिसके बाद इस शातिर शख्स की पहचान हुई थी. पहचान होने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अपना जाल बिछा दिया था.

रुड़की रोड पर हुआ बड़ा एनकाउंटर

एक सटीक सूचना के आधार पर 22 जून को मुजफ्फरनगर पुलिस ने रुड़की रोड पर आरोपी की ऑरा कार का पीछा किया था. खुद को घिरता हुआ देखकर बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी. इस फायरिंग में सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ और सिपाही अंकित को गोली लग गई थी. आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी सतपाल के दोनों पैरों में गोली लगी थी.

इलाज के दौरान आरोपी की हुई मौत

मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी को इलाज के लिए पहले जिला चिकित्सालय ले जाया गया था. जब उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी, तो उसे इवांस अस्पताल ले जाकर वेंटिलेटर पर रखा गया था. लेकिन 23 जून को इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. राहत की बात यह रही कि पुलिस ने मौके से अपहृत की गई लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया था. इसके साथ ही पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल, एक तमंचा, 20 कारतूस, एक फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और ऑरा कार बरामद की है.

61 साल के सत्तू का क्रिमिनल इतिहास

61 साल के इस अधेड़ बदमाश सतपाल के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या का प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसे 30 से ज्यादा गंभीर मुकदमे दर्ज थे. वह पहले जालंधर जेल से भाग चुका था और 11 साल पहले मुजफ्फरनगर जेल भी जा चुका था. 11 जुलाई 2010 को मेरठ पुलिस और उससे पहले सहारनपुर पुलिस भी उसे गिरफ्तार कर चुकी थी. वह जंगलों और होटलों में ले जाकर मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाता था. चार राज्यों की पुलिस इस कुख्यात अपराधी की तलाश कर रही थी, जिसका खौफनाक अंत अब हो चुका है.