गुरुग्राम से मुरादाबाद आए थे जुड़वा भाई बहन, यहां हार्दिक ने कर दिया हिम शिखा का मर्डर, आखिर ऐसा हुआ क्या?

Moradabad Crime News: मुरादाबाद में भाई ने जुड़वा बहन की चाकू से गोदकर हत्या की. मां को भी दफ्तर से बुलाकर किया जख्मी. गुरुग्राम से होली मनाने आए थे दोनों. आरोपी फरार हो गया है जिसकी तलाश जारी है?

Moradabad Crime News

जगत गौतम

07 Mar 2026 (अपडेटेड: 07 Mar 2026, 02:48 PM)

follow google news

मुरादाबाद में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक सगे भाई ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. गुरुग्राम से मां के पास त्योहार मनाने आए जुड़वा भाई-बहन के बीच न जाने ऐसा क्या हुआ कि भाई ने अपनी ही बहन को मौत के घाट उतार दिया और मां को भी अधमरा कर फरार हो गया. 

यह भी पढ़ें...

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र की बुद्धि विहार कॉलोनी में शुक्रवार को एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने हर किसी का दिल दहला दिया. यहां रहने वाली नीलिमा के जुड़वा बच्चे हार्दिक और हिमा शिखा गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करते थे. वे दोनों होली मनाने घर आए थे. शुक्रवार को उन्हें वापस लौटना था. लेकिन उससे पहले ही घर में खून की होली खेल दी गई. 

दफ्तर से बुलाकर मां पर भी किया हमला

वारदात के समय मां नीलिमा अपने ऑफिस गई हुई थीं और दोनों भाई-बहन घर पर अकेले थे. इसी दौरान हार्दिक ने अचानक हिमा शिखा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया. हैवानियत यहीं नहीं रुकी. इसके बाद हार्दिक अपनी मां के ऑफिस पहुंचा और उन्हें बहाने से घर ले आया. जैसे ही मां ने बेटी को तड़पते देख चीख पुकार की तो हार्दिक ने उन पर भी चाकू से कई हमले किए और कार लेकर मौके से फरार हो गया. 

नहीं बच पाई हिम शिखा की जान

पड़ोसियों ने जब घर से चीखने की आवाजें सुनीं तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे. अंदर का नजारा देख लोग दंग रह गए. आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने हिमा शिखा को मृत घोषित कर दिया. मां नीलिमा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है. 

फरार हार्दिक की तलाश है जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की. एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार किसी बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अपनी बहन और मां पर हमला किया. बहन की मौत हो चुकी है और पुलिस की कई टीमें आरोपी हार्दिक की तलाश में जुटी हैं.