Moradabad News: मुरादाबाद जनपद के थाना मुंढापांडे क्षेत्र में आजमगढ़ की एक युवती की शिकायत पर धर्म और वास्तविक नाम छिपाकर दोस्ती करने, विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने तथा उत्पीड़न के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी फाजिल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर उससे संपर्क स्थापित किया तथा विश्वास में लेकर दोस्ती की. इसके बाद विवाह का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. युवती का कहना है कि जब उसे आरोपी की वास्तविक पहचान और धर्म के बारे में जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया.
शिकायत के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा उस पर दबाव बनाने और धमकी देने का प्रयास किया. युवती की तहरीर के आधार पर थाना मुंढापांडे पुलिस ने फाजिल अंसारी समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि ग्राम चमरोआ निवासी फाजिल अंसारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है.उन्होंने बताया कि आरोपी विदेश, विशेष रूप से दुबई जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










