मथुरा में बड़ी कार्रवाई, नियमों की अनदेखी करने वाले 6 होटल और गेस्ट हाउस होंगे बंद, मचा हड़कंप

Mathura Administration News: मथुरा में प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त जांच में 33 होटल और गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया गया. फायर एनओसी, पंजीकरण और सुरक्षा मानकों में भारी खामियां मिलने पर 6 होटल व गेस्ट हाउसों को बंद करने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने आगे भी कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी.

Mathura  News

Mathura News

Newzo

• 11:07 AM • 11 Jun 2026

follow google news

Mathura Administration News: प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से शहर के होटल और गेस्ट हाउसों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है. नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मथुरा के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. इस औचक निरीक्षण के तहत टीम ने धौलीप्याऊ, मयूर विहार और मालगोदाम रोड के मुख्य क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कुल 33 होटल और गेस्ट हाउसों का बारीकी से निरीक्षण किया, जिससे होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया.

यह भी पढ़ें...

मथुरा में प्रशासन ने क्या कार्रवाई की?

इस प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान टीम ने मुख्य रूप से सराय एक्ट में पंजीकरण, फायर सेफ्टी हेतु अग्निशमन विभाग की एनओसी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति और स्वीकृत मानचित्र की जांच की. इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से आगंतुक रजिस्टर में आईडी के साथ प्रविष्टि, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और विद्युत सुरक्षा मानकों को भी परखा गया.

निरीक्षण के दौरान भारी अनियमितताएं और नियमों की अनदेखी पाए जाने पर टीम ने सख्त रुख अपनाया. सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी तरह मानक विहीन पाए गए 6 गेस्ट हाउस और होटलों को बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं.

नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध व असुरक्षित रूप से संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी.