Mathura News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
ADVERTISEMENT
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वी.डी.पी. राजकीय इंटर कॉलेज, सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज तथा श्री गुरु कार्शनी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की.
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए. अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद कर परीक्षा की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण रखने के निर्देश दिए. जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अभ्यर्थियों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराया जाएगा.
ADVERTISEMENT










