Mathura News: मथुरा ज़िले के थाना बलदेव पुलिस और रिवार्डिड टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी वांछित अपराधी हम्बीर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगला उदय सिंह निवासी हम्बीर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना पर थाना बलदेव पुलिस और रिवार्डिड टीम ने दौलतपुर अंडरपास सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया. रात संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने भागते हुए पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ बलदेव थाने में दर्ज मुकदमों में मारपीट, फायरिंग, धमकी और अवैध वसूली के आरोप शामिल हैं. बताया गया कि 27 मार्च 2026 को गांव में दो पक्षों को उकसाकर हिंसक विवाद कराने तथा एक व्यक्ति से उसके पुत्र के अपहरण और हत्या की धमकी देकर 15 हजार रुपये की अवैध वसूली करने के मामलों में वह वांछित चल रहा था.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उसके खिलाफ मथुरा, हाथरस व अलीगढ़ जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT










