दलित की जमीन पर कब्जे का आरोप, करणी सेना ने आंदोलन की चेतावनी दी

Mathura Land Dispute: मथुरा के मांट क्षेत्र में दलित परिवार की भूमि और चक मार्ग पर कथित कब्जे का मामला सामने आया है. पीड़ित ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. करणी सेना ने मामले को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है और 15 जून को धरना-प्रदर्शन व हवन करने की घोषणा की है.

Mathura News

Mathura News

Newzo

• 04:58 PM • 10 Jun 2026

follow google news

Mathura Land Dispute: मांट क्षेत्र के गांव चुरा हंसी में एक दलित परिवार की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक चक मार्ग की पैमाइश एवं सीमांकन की कार्रवाई को कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा बाधित किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम देवसरस निवासी सुभाष पुत्र तुलसीराम ने आरोप लगाया है कि गाटा संख्या 290/1 में समायोजित चक मार्ग संख्या 276 को राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार मौके पर निकलवाने के लिए कई बार प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. पीड़ित का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा राजस्व विभाग की टीम को भी कार्रवाई करने से रोका जा रहा है.

इसी बीच करणी सेना मथुरा ने मामले को गंभीर बताते हुए पीड़ितों के समर्थन में आंदोलन की घोषणा की है. संगठन का आरोप है कि मांट क्षेत्र में दलित एवं शोषित वर्ग के लोगों की भूमि पर कथित रूप से रातों-रात कब्जा कर निर्माण कार्य कराया गया है. करणी सेना ने जगदीश नौहवार, बनवारी लाल तथा अन्य लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है.

करणी सेना मथुरा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो संगठन जनआंदोलन करेगा. इसी क्रम में 15 जून 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय, मथुरा पर हवन एवं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की गई है. संगठन ने न्यायप्रिय नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है.

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. भूमि विवाद और चक मार्ग से जुड़े प्रकरणों में राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी.