Mathura News: हाईवे थाना क्षेत्र स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में बृहस्पतिवार की रात पारिवारिक विवाद में पति ने पहले पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया. दोनों की मौत से कॉलोनी में सनसनी फैल गई. फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बड़ई थाना क्षेत्र के कंथेरी गांव की रहने वाली पोषण (23) ने छिबरबारी, भेल झांसी निवासी मिथुन (27) से पांच साल पहले लव मैरिज की थी. शादी के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था और वे पिछले तीन वर्षों से अलग रह रहे थे. पोषण गांव में एक स्पा सेंटर में काम करने लगी थी, जबकि मिथुन झांसी में कार्यरत था.
करीब आठ दिन पहले पोषण अपनी सहेली रागिनी के पास मथुरा आई थी. रागिनी गोवर्धन रोड स्थित सूर्यलोक कॉलोनी में किराये के मकान में रहती है और पार्लर में काम करती है. पोषण ने भी वहीं काम शुरू कर दिया था. मिथुन उसकी तलाश में मथुरा पहुंच गया. बृहस्पतिवार को ब्यूटी पार्लर से लौटते समय मिथुन, पोषण और रागिनी घर पहुंचे. यहां पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. रागिनी ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने. इसके बाद रागिनी अपने कमरे में चली गई.
रात करीब 9 बजे मिथुन ने अचानक तमंचा निकाला और पोषण के सिर में गोली मार दी. इसके बाद उसने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गोली की आवाज सुनकर मकान मालिक खेमचंद और रागिनी बाहर निकले. घटना देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई.
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है. दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से एक तमंचा बरामद हुआ है, जिसमें एक खोखा और एक कारतूस मिला है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT










