Mathura Crime News: मथुरा की टोंटी फैक्ट्री में लाखों की चोरी, ताला तोड़कर माल और नकदी ले गए चोर

Mathura news: सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने मथुरा की टोंटी फैक्ट्री में रातोंरात सेंध लगा दी. ताले तोड़कर लाखों का माल, नकदी और सीसीटीवी डीवीआर ले जाने से व्यापारियों में आक्रोश है. पुलिस जांच में जुटी है और आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है.

Mathura Factory Theft

Newzo

• 04:22 PM • 01 Jun 2026

follow google news

Mathura news: थाना गोविंदनगर क्षेत्र के सरस्वती कुंड स्थित एक टोंटी फैक्ट्री में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये के माल और नकदी की चोरी कर ली. घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है.जानकारी के अनुसार सरस्वती कुंड क्षेत्र में स्थित अरविंद बंसल की टोंटी फैक्ट्री को चोरों ने निशाना बनाया. फैक्ट्री स्वामी के पुत्र शिवम बंसल ने बताया कि सुबह जब वह फैक्ट्री पहुंचे और मुख्य गेट खोलकर अंदर गए, तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गए. गोदाम का कुंडा टूटा हुआ था और कार्यालय का ताला भी टूटा मिला.

यह भी पढ़ें...

जांच करने पर पता चला कि चोर फैक्ट्री से तैयार माल, अन्य कीमती सामान, चांदी के लक्ष्मी-गणेश के सिक्के, नकदी तथा सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं व्यापारी मंडल महामंत्री योगेन्द्र चतुर्वेदी ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर चोरी गया माल बरामद करना चाहिए.वहीं महानगर अध्यक्ष साकेत अग्रवाल और महानगर महामंत्री दीपक सिंघल ने भी पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करते हुए घटना का पर्दाफाश करने की मांग की है.

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.