कौन है IIT डिग्री धारक ये फर्जी बाबा अभिषेक मिश्रा जो गंधर्व विवाह के नाम पर लड़कियों संग बनाता था शारिरिक संबंध, इसकी A-Z डिटेल आई सामने

Mathura IIT Baba: मथुरा के गोवर्धन से गिरफ्तार फर्जी बाबा अभिषेक मिश्रा को लेकर जांच में बड़े खुलासे हुए हैं. आईआईटी रुड़की से पढ़ा आरोपी ऑनलाइन प्रवचनों के जरिए युवतियों को जाल में फंसाने का आरोपित है. पुलिस को मोबाइल से आपत्तिजनक सामग्री मिली है और अब उसके नेटवर्क, बैंक खातों व डिजिटल लेनदेन की गहन जांच की जा रही है.

Mathura IIT Baba

यूपी तक

• 06:00 PM • 03 Jun 2026

follow google news

Mathura IIT Baba: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन से गिरफ्तार हुए हाई-प्रोफाइल फर्जी बाबा अभिषेक मिश्रा को लेकर पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग कर चुका आरोपी अभिषेक मिश्रा ऑनलाइन गीता प्रवचन की आड़ में देश भर की बीटेक, एमटेक और एमबीए पास लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था. पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड से कई ऐसी अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले हैं जिन्होंने इस पूरे मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है. पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और उसके बड़े नेटवर्क को खंगालने में जुटी है 

यह भी पढ़ें...

लड़कियों का ऐसे भरोसा जीतता था फर्जी बाबा

जांच के दौरान सामने आया है कि अभिषेक मिश्रा के बात करने के तरीके से लोग उससे प्रभाव में आ जाते थे. वह ऑनलाइन माध्यम से भगवद्गीता और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा करता था  जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा उससे जुड़ते चले गए. आरोप है कि इसी भरोसे और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का फायदा उठाकर वह पढ़ी-लिखी युवतियों को मानसिक रूप से अपने ऊपर निर्भर कर लेता था और उन्हें गोवर्धन बुला लेता था.

गंधर्व विवाह के नाम पर लड़कियों से बनाता था संबंध

मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार, उड़ीसा की एक पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अभिषेक मिश्रा ने उसे यह विश्वास दिलाया कि उन दोनों का 'गंधर्व विवाह' हो चुका है. इसी झूठे दावे के आधार पर वह युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा. पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा है. इसके अलावा अन्य पीड़ित परिवारों ने पुलिस को कुछ ऐसे वीडियो और फोटो सौंपे हैं जिनमें आरोपी युवतियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहा है. पुलिस इन सभी डिजिटल डेटा की फोरेंसिक जांच करा रही है.

इमोशनल दबाव बनाकर परिवारों से की करोड़ों की ठगी

पुलिस जांच का एक और बड़ा पहलू आर्थिक लेन-देन से जुड़ा है. अधिकारियों के मुताबिक, समूह में रहने वाले युवक-युवतियों पर इमोशनल दबाव बनाया जाता था और फिर उनके परिवारों से मोटी रकम मंगवाई जाती थी. पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की बारीकी से पड़ताल कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस आध्यात्मिक ठगी के धंधे में कितना पैसा वसूला गया.

3 लोगों का पुलिस ने किया रेस्क्यू

स्थानीय लोगों के अनुसार, एक समय गोवर्धन स्थित इस ठिकाने पर दो दर्जन से ज्यादा युवक-युवतियां आते-जाते थे. लेकिन बाद में अधिकांश लोग अलग हो गए. करीब छह महीने पहले भी कुछ परिजन अपनी बेटी को जबरन वहां से वापस ले जाने पहुंचे थे, तब काफी विवाद हुआ था. पुलिस अब उस पुराने घटनाक्रम को भी दोबारा खंगाल रही है.

गौरतलब है कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान इस फर्जी बाबा के चंगुल से दो युवतियों और एक युवक को सकुशल रेस्क्यू किया था जिन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन सभी युवक-युवतियों की काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि वे इस मानसिक जाल से बाहर निकलकर सामान्य जीवन में लौट सकें.