तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम

Moradabad News: मुरादाबाद के मुंढापांडे क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार प्रशांत सागर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद चालक फरार हो गया. आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया और यातायात सामान्य कराया.

 Moradabad Accident News

Moradabad Accident News

Newzo

• 04:12 PM • 10 Jun 2026

follow google news

Moradabad News: मुरादाबाद के मुंढापांडे थाना क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहाँ काशीपुर-अलीगंज मार्ग पर स्थित करनपुर चौराहे से आगे, खनन की सामग्री से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने काम पर जा रहे एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी.घायल युवक की पहचान प्रशांत सागर के रूप में हुई है, जो कि मिलक धोबियों वाली (थाना मुंढापांडे) का निवासी है. प्रशांत आज सुबह रोज़ की तरह काम पर जा रहा था, तभी रास्ते में तेज रफ्तार डंपर काल बनकर आया और उसे रौंद दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया.

यह भी पढ़ें...

परिजनों ने सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन, लगा लंबा जाम

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशांत के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित परिजनों ने काशीपुर-अलीगंज मार्ग पर बीच सड़क पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. परिजन फरार डंपर चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और घायल प्रशांत के लिए उचित आर्थिक सहायता (मुआवजे) की मांग पर अड़े थे.

भारी पुलिस बल ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम

हंगामे और लंबे जाम की सूचना मिलते ही मुंढापांडे थाना पुलिस भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को ढाढस बंधाया और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया. काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और सड़क से हटे. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर लगे लंबे जाम को खुलवाया और यातायात को दोबारा सुचारू कराया, जिसके बाद प्रशासन और राहगीरों ने राहत की सांस ली. घायल प्रशांत सागर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.