Moradabad Theft News: मुरादाबाद, कुंदरकी में छत पर सोता रहा परिवार, नीचे से लाखों का माल साफ

Moradabad News: मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में चोरों ने रात के अंधेरे में एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया परिवार गर्मी के कारण छत पर सोता रहा और नीचे चोर वारदात को अंजाम देते रहे. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी है.

Moradabad Crime News

Moradabad Crime News

Newzo

• 03:52 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Moradabad News: मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हाथीपुर चित्तू में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक घर को निशाना बनाया. चोरों ने उस समय वारदात को अंजाम दिया जब पूरा परिवार भीषण गर्मी के कारण घर की छत पर सो रहा था. चोर नीचे के कमरों का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े और नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए.सुबह जब परिजनों की आंख खुली, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.

यह भी पढ़ें...

सोते रहे परिजन, नीचे चलता रहा चोरों का तांडव


मिली जानकारी के अनुसार, हाथीपुर चित्तू निवासी पीड़ित रहीस(दूल्हा) का परिवार रोज की तरह रात को खाना खाने के बाद गर्मी की वजह से मकान की छत पर सोने चला गया था.घर के नीचे के कमरों और मुख्य दरवाजों में ताला लगा हुआ था .देर रात अज्ञात चोरों ने सूने पड़े नीचे के कमरों को निशाना बनाया। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से कमरों के ताले चटकाए और अंदर दाखिल हो गए. चोरों ने कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर पूरी छानबीन की और कीमती सामान समेट लिया.

सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर नीचे उतरे, तो कमरों के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा देख सन्न रह गए. पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर अलमारी में रखे सोने के कुंडल, चांदी की पाजेब, अंगूठी समेत लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपए की नकदी चोरी कर ले गए हैं. पीड़ित का कहना है कि यह उनकी मेहनत की गाढ़ी कमाई थी, जिसे चोरों ने पल भर में साफ कर दिया.

ग्रामीणों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी 


रात में हुई इस दुस्साहसिक चोरी की खबर सुबह पूरे हाथीपुर चित्तू गांव में आग की तरह फैल गई. पीड़ित के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग एक सप्ताह पहले भी चोरों ने एक मकान में नकब लगाया था. लेकिन परिवार के जाग ने पर चोर घटना को अंजाम दिए बिना ही मौके से फरार हो गए थे. पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत पत्र देकर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की बात कही है.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़ित परिवार और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.