Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के मझोला थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा 'ऑपरेशन लंगड़ा' लगातार जारी है. इसी क्रम में मझोला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पार्श्वनाथ प्लाजा परिसर में रंगदारी मांगने और हवाई फायरिंग करने के मुख्य आरोपी शंकर शर्मा को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है .
ADVERTISEMENT
रंगदारी और दहशत का माहौल
मझोला थाना पुलिस के अनुसार, बीती मध्य रात्रि को चिड़िया टोला निवासी शातिर बदमाश शंकर शर्मा अपने साथियों के साथ पार्श्वनाथ प्लाजा की पार्किंग में पहुंचा था. वहां उसने पार्किंग संचालक से रंगदारी की मांग की, तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की. इस घटना के बाद पार्किंग संचालक की तहरीर पर मझोला पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी.
हर्बल पार्क रोड पर पुलिस मुठभेड़
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी शंकर शर्मा एक बार फिर मोटरसाइकिल पर सवार होकर हर्बल पार्क रोड (गांगन नदी की ओर जाने वाले रास्ते) पर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की. खुद को घिरा देख शातिर बदमाश ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग कर दी.पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली बदमाश शंकर शर्मा के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़. पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया
अवैध हथियार और सामग्री बरामद
गिरफ्तार किए गए घायल बदमाश की निशांदेही और मौके से पुलिस ने 2 अवैध तमंचे (देशी पिस्तौल) जिंदा कारतूस एवं खोखा कारतूस और 1 बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है.
आधा दर्जन से अधिक मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए बदमाश शंकर शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ विभिन्न थानों में रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट और जानलेवा हमले जैसे लगभग आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है और आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.
ADVERTISEMENT









