'अब सीधे कयामत के दिन में मुलाकात होगी' मुरादाबाद में युवक ने कलमा पढ़ा और कैमरे के सामने ही बंदूक का ट्रिगर दबा...

Moradabad Suicide Case: मुरादाबाद के कुंदरकी में पंजाब से लौटे युवक ने 7 मिनट 41 सेकंड का वीडियो बनाकर आत्महत्या की. 5 साल की भतीजी के सामने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सिर में मारी गोली.

Moradabad News

जगत गौतम

• 05:27 PM • 01 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां कुंदरकी थाना क्षेत्र में एक युवक ने मानसिक रूप से परेशान होकर अपने ही घर के बंद कमरे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. वह महज 5 दिन पहले ही पंजाब से मजदूरी करके अपने घर लौटा था और रविवार को उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. युवक ने कमरे के भीतर अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद के सिर में गोली मार ली. इस पूरी वारदात के समय कमरे में उसकी 5 साल की मासूम भतीजी भी मौजूद थी, जो इस खौफनाक मंजर की चश्मदीद बनी.

यह भी पढ़ें...

कुंदरकी थाना इलाके में हुई इस सनसनीखेज वारदात में युवक ने मौत को गले लगाने से पहले अपने मोबाइल फोन पर 7 मिनट 41 सेकंड का एक बेहद भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया. पुलिस को मिले इस वीडियो के शुरुआती 40 सेकंड में युवक फूट-फूटकर रोते हुए कह रहा है कि वह अपनी मौत का सबूत छोड़कर जा रहा है, क्योंकि उसे किसी के द्वारा बहुत ज्यादा परेशान किया जा रहा है. वीडियो में उसने आगे कहा कि उसकी मौत के बाद उसके घरवालों को बिल्कुल तंग न किया जाए, लेकिन जिसने भी उसका दिल दुखाया है, उससे अब सीधे 'हश्र' (कयामत के दिन) में मुलाकात होगी. इतना कहने के बाद युवक ने कलमा पढ़ा और कैमरे के सामने ही बंदूक का ट्रिगर दबा दिया.

मासूम की चीख सुनकर टूटी परिजनों की नींद, खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे घरवाले

दोपहर के वक्त जब कमरे के अंदर अचानक गोली चलने की गूंज और मासूम बच्ची की चीख सुनाई दी, तो घर के दूसरे हिस्से में सो रहे परिजनों की नींद खुली और पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण बदहवास घरवालों ने तुरंत खिड़की तोड़ी और भीतर दाखिल हुए, जहां युवक खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा हुआ था. मृतक की मां ने बताया कि दोपहर में उन्हें सिर्फ अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद वे कमरे की तरफ भागे और इस खौफनाक हादसे का पता चला. सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

प्रेम प्रसंग की आशंका, मोबाइल और पिता की लाइसेंसी बंदूक जब्त

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने देर रात तक मौके पर रहकर सघन जांच-पड़ताल की. पुलिस ने घटनास्थल से मृतक युवक का मोबाइल फोन और उसके पिता की लाइसेंसी बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस की शुरुआती जांच और प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस आत्मघाती कदम के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला होने की आशंका जताई जा रही है. बहरहाल, पुलिस युवक के मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो और कॉल डिटेल्स के आधार पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है.

महत्वपूर्ण नोट

अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में खुदकुशी या आत्मघाती विचार आते हैं, तो यह एक बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. कृपया तुरंत भारत सरकार की 'जीवनसाथी हेल्पलाइन' नंबर 18002333330 पर संपर्क करें. इसके अलावा आप 'टेली-मानस' (TELE-MANAS) हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहाँ आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और विशेषज्ञ आपको इस कठिन परिस्थिति से उबरने के लिए सही परामर्श देते हैं. याद रखिए, जान है तो जहान है.