Moradabad News: मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस और कार की भिड़ंत में 14 वर्षीय किशोरी की मौत, गर्भवती समेत 7 घायल

Newzo

• 12:24 PM • 27 May 2026

Moradabad-Aligarh Highway Accident: मुरादाबाद-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर कुंदरकी क्षेत्र में रोडवेज बस और सिलेरियो कार की आमने-सामने टक्कर में 14 वर्षीय किशोरी पायल की मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला समेत 7 लोग घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर किया गया.

Moradabad Accident News

Moradabad Accident News

Google CTA

Moradabad Road Accident: मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुरादाबाद-बिलारी हाईवे पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. मुरादाबाद अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर ग्राम हुसैनपुर छिरावली के पास एक रोडवेज बस और सिलेरियो कार में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों और एक गर्भवती महिला सहित सात लोग घायल हो गए। सभी घायल उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं और बदायूं स्थित काली माता मंदिर में जात लगाने जा रहे थे.

यह भी पढ़ें...

 आमने-सामने की भिड़ंत में किशोरी की मौत 

पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल (एम ब्लॉक मोल धार, कमरा नंबर 8) के रहने वाले आठ लोग बुधवार सुबह सिलेरियो कार (UK 09 B 1299) से बदायूं जा रहे थे। सुबह करीब 7:20 बजे जैसे ही उनकी कार कुंदरकी थाना क्षेत्र में NH 509 पर हुसैनपुर छिरावली के पास पहुंची, सामने से आ रही बिलारी डिपो की रोडवेज बस (UP 78 LN 2675) से उसकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई. हादसे में रामदास की 14 वर्षीय पुत्री पायल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

 गर्भवती महिला और बुजुर्ग जिला अस्पताल रेफर 

घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष हम्बीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुंदरकी में भर्ती कराया गया. घायलों में स्वाति चौहान (30) पत्नी राहुल चौहान, अमित (26) पुत्र रामविलास, नेहा (25) पत्नी अमित, रामविलास (60) पुत्र लल्लू, आरुष चौहान (2) पुत्र राहुल चौहान, रित्विक (1) पुत्र अनिल और रेखा (28) पत्नी अनिल शामिल हैं. चिकित्सकों ने पांच घायलों की हालत सामान्य बताई है, जबकि गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग रामविलास और गर्भवती महिला स्वाति चौहान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है.

 यातायात सुचारू, शांति व्यवस्था कायम 

थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक किशोरी पायल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है. दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस और कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाकर किनारे कर दिया गया है, जिससे यातायात पूरी तरह सुचारू है. मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है.