Live In Relationship Case Moradabad: मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर युवती खुद थाने पहुंची, जहां से पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है.
ADVERTISEMENT
मामला मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद का है. यहां मानसी नाम की युवती पिछले करीब पांच साल से प्रभात सक्सेना नाम के युवक के साथ किराए के मकान में रह रही थी बताया जा रहा है कि प्रभात पहले से शादीशुदा है.
पुलिस के मुताबिक बीते कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था. छह जून को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला मझोला थाने पहुंचा था. पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कराकर समझौता कराया और दोनों वापस घर चले गए थे.
आरोप है कि इसके बाद प्रभात सक्सेना ने युवती के साथ रहने से इंकार कर दिया. इसी बात से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया. जहर खाने के बाद युवती खुद शिकायत लेकर मझोला थाने पहुंची और पुलिस को पूरी बात बताई.
युवती की हालत बिगड़ती देख पुलिस ने उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रभात सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
बाइट :-
रणविजय सिंह
एसपी सिटी, मुरादाबाद
ADVERTISEMENT










