Moradabad News: जिला अस्पताल की महिला डॉक्टर से अभद्रता, जान से मारने की धमकी पर मुकदमा दर्ज

Newzo

• 03:42 PM • 08 Jun 2026

Moradabad FIR News: मुरादाबाद जिला अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सक ने दो महिलाओं पर अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर छवि खराब करने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Moradabad Doctor Harassment Case

Moradabad Doctor Harassment Case

Google CTA

 Moradabad FIR News: जनपद के जिला चिकित्सालय स्थित चर्म रोग विभाग में तैनात एक महिला चिकित्सक ने दो महिलाओं के खिलाफ अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने का आरोप लगाते हुए थाना सिविल लाइंस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, 6 जून 2026 को सुबह लगभग 11 बजे महिला चिकित्सक अपने कक्ष में मरीजों को परामर्श दे रही थीं.

यह भी पढ़ें...

इसी दौरान जुनेरा और नाजिशा नामक दो महिलाएं उपचार के लिए पहुंचीं, जिन्हें चिकित्सक द्वारा दवाइयां लिख दी गईं. आरोप है कि करीब 11:15 बजे दोनों महिलाएं दोबारा कक्ष में आईं और डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करने लगीं. महिला चिकित्सक का कहना है कि जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों महिलाओं ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. 

आरोप है कि एक महिला ने मोबाइल फोन से डॉक्टर का वीडियो बनाना शुरू कर दिया तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए मरीजों के उपचार कार्य को प्रभावित किया. शोर-शराबा सुनकर अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित महिलाओं ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर चिकित्सक की छवि धूमिल करने का प्रयास किया. साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और घर से उठवा लेने जैसी धमकियां भी दी गईं.

घटना से आहत और भयभीत चिकित्सक ने थाना सिविल लाइंस पुलिस से आरोपित महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.