Panipat Park Hospital News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात की रहने वाली एक महिला की हरियाणा के पानीपत स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है. आरोप है कि सड़क हादसे में महिला के पैर की हड्डी टूटी थी, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने परिजनों की अनुमति के बिना उसके दिल में स्टेंट (छल्ला) डाल दिया. इतना ही नहीं, सहमति पत्र पर फर्जी हस्ताक्षर करने का भी आरोप लगाया गया है. मृतका के बेटे की शिकायत पर पानीपत के सेक्टर-29 थाने में अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
कानपुर देहात की रहने वाली थीं गुड्डी देवी
एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता कुलदीप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के काशीपुर गांव का रहने वाला है और फिलहाल पानीपत के रमेश नगर में किराये पर रहता है. शिकायत में कुलदीप ने बताया कि 24 जुलाई को उसकी मां गुड्डी देवी सड़क हादसे में घायल हो गई थीं, जिसमें उनके पैर की हड्डी टूट गई थी. इलाज के लिए उन्हें जीटी रोड स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि अस्पताल में पैर का इलाज होगा और कुछ दिनों बाद उनकी मां स्वस्थ होकर घर लौट आएंगी.
महिला के बेटे ने लगाया ये आरोप
कुलदीप ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 25 जुलाई को अस्पताल के डॉक्टरों ने परिवार की अनुमति लिए बिना उसकी मां के दिल का ऑपरेशन कर दिया और दिल में स्टेंट डाल दिया. शिकायत के अनुसार, 'डॉक्टर साहब ने हमारी बिना परमिशन के मेरी मां के इलाज के लिए हार्ट में छल्ला डाल दिया और हमारे झूठे हस्ताक्षर कर दिए. हमें इस बारे में कुछ भी नहीं बताया गया. इलाज के दौरान ही मेरी मां की मौत हो गई.' शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इलाज में लापरवाही और अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत के कारण यह घटना हुई.
एफआईआर में कुलदीप ने यह भी आरोप लगाया है कि मां की मौत के बाद जब परिवार ने अस्पताल प्रशासन से सवाल पूछे तो उन पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया गया. शिकायत के मुताबिक, 'हम पर पार्क अस्पताल का प्रशासन कार्रवाई न करने का दबाव बना रहा है और कहता है कि जो करना है कर लो.' इसके बाद परिवार ने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की. परिजनों का आरोप है कि पूरे मामले में डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
शिकायत मिलने के बाद पानीपत के सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. एफआईआर के अनुसार, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 318(4) और 351(2) के तहत डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अस्पताल की प्रतिक्रिया का इंतजार
मामले में पार्क अस्पताल की सीईओ सपना से भी संपर्क किया गया. जानकारी के अनुसार उन्होंने इस संबंध में प्रतिक्रिया देने के लिए समय मांगा है. फिलहाल अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. दूसरी ओर, पुलिस एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इलाज के दौरान क्या हुआ और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
ADVERTISEMENT











