NEET UG 2026 रिजल्ट पर कानपुर की आर्या सिंह ने खड़े किए सवाल, अब NTA ने पोस्ट कर दिया जवाब

सिमर चावला

21 Jul 2026 (अपडेटेड: 21 Jul 2026, 11:32 AM)

NEET UG 2026 री-एग्जाम रिजल्ट को लेकर कानपुर की छात्रा आर्या सिंह ने NTA की स्कोरिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे. छात्रा ने 609 अंक का दावा करते हुए शिकायत की थी. अब NTA ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए OMR शीट को डिजिटल रूप से बदला हुआ बताया है और 167 अंक को सही बताया है.

NEET UG 2026 Arya Singh OMR News

NEET UG 2026 Arya Singh OMR News

Google CTA

NEET UG 2026 Arya Singh OMR News: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम के रिजल्ट को लेकर कानपुर की छात्रा आर्या सिंह ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की स्कोरिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. छात्रा का दावा है कि उनकी OMR शीट के हिसाब से 609 अंक बन रहे थे, लेकिन रिजल्ट में पहले 540 नंबर दिखे और बाद में यही स्कोर घटकर 167 अंक रह गया. आर्या ने इसे लेकर NTA और शिक्षा मंत्रालय में शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है. इस मामले को लेकर UP Tak ने छात्रा से बातचीत की, जिसमें उन्होंने पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए. हालांकि अब इस पूरे मामले पर NTA ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मामले को लेकर जानकारी दी है और स्पष्ट किया है.

यह भी पढ़ें...

OMR शीट के आधार पर 609 अंक का दावा

आर्या सिंह ने बताया कि 13 जुलाई की रात NTA की वेबसाइट पर उनकी OMR शीट अपलोड की गई थी. उनका कहना है कि OMR शीट में प्रश्नों का क्रम गलत दिखाई दे रहा था, लेकिन उत्तरों का मिलान करने पर उनका अनुमानित स्कोर 609 अंक आ रहा था. इसके बाद उन्होंने NTA के चैलेंज पोर्टल पर आपत्ति दर्ज कराई. आर्या के मुताबिक, शिकायत के बाद NTA ने संशोधित OMR शीट जारी की, जिसमें प्रश्नों का क्रम तो सही कर दिया गया, लेकिन अंक को लेकर उनकी समस्या बनी रही. छात्रा का आरोप है कि OMR शीट और रिजल्ट के अंकों में बड़ा अंतर है, जिसकी जांच होनी चाहिए.

दो बार दिखे अलग-अलग अंक

आर्या सिंह का दावा है कि 16 जुलाई की रात NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद उन्होंने करीब 12 बजे अपना स्कोर देखा था. उस समय उनकी स्क्रीन पर 540 अंक दिखाई दे रहे थे. लेकिन करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने दोबारा रिजल्ट चेक किया तो स्कोर घटकर 167 अंक रह गया. छात्रा ने सवाल उठाया कि एक ही उम्मीदवार के रिजल्ट में इतनी कम समय अवधि में इतना बड़ा बदलाव कैसे हो सकता है. फिलहाल NTA की वेबसाइट पर उनका स्कोर 167 अंक दर्ज है. इसी स्कोर के आधार पर उनकी ऑल इंडिया रैंक 12,52,036 और कैटेगरी रैंक 3,67,585 बताई गई है.

आर्या बोलीं- पहले प्रयास में भी आई थी ऐसी परेशानी

आर्या सिंह का कहना है कि यह उनका NEET परीक्षा का दूसरा प्रयास था. उन्होंने आरोप लगाया कि साल 2025 में दिए गए पहले प्रयास के दौरान भी उन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था. हालांकि, उस समय उनके पास पर्याप्त दस्तावेज और सबूत नहीं थे, इसलिए वह शिकायत दर्ज नहीं करा सकी थीं. इस बार आर्या ने अपनी OMR शीट, रिजल्ट और अन्य दस्तावेजों के साथ NTA और शिक्षा मंत्रालय को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है. उन्होंने कहा, "अगर मेरी शिकायत पर सुनवाई नहीं होती है तो मैं इस मामले को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय तक लेकर जाऊंगी."

NTA की स्कोरिंग प्रक्रिया पर उठे सवाल

आर्या सिंह ने UP Tak से बातचीत में कहा कि वह सिर्फ अपने सही स्कोर और रिजल्ट की जांच चाहती हैं. उनका कहना है कि मेहनत के बाद अगर स्कोरिंग प्रक्रिया में कोई गलती हुई है तो उसे ठीक किया जाना चाहिए. NEET UG 2026 री-एग्जाम रिजल्ट को लेकर छात्रा की शिकायत अब NTA और शिक्षा मंत्रालय तक पहुंच चुकी है. फिलहाल आर्या को जांच और जवाब का इंतजार है. वहीं, इस मामले में NTA की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
 

NTA का आया जवाब आया सामने

NTA ने आर्या सिंह की NEET UG 2026 OMR शीट को लेकर किए गए दावों पर सफाई दी है. NTA के मुताबिक, छात्रा की असली OMR शीट उसके रिकॉर्ड में मौजूद है और OMR Response Key Challenge Window के दौरान इसे छात्रा के रजिस्टर्ड ई-मेल पर भी भेजा गया था. एजेंसी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही OMR शीट डिजिटल रूप से बदली गई है. NTA के अनुसार, वायरल शीट में एक इनविजिलेटर के हस्ताक्षर का समय भी बदला गया है. असली OMR में हस्ताक्षर का समय 3:45 PM था, जिसे कथित रूप से एडिट कर 2:45 PM कर दिया गया. NTA ने कहा कि फर्जी OMR में कई अन्य डिजिटल बदलाव के निशान भी मिले हैं. NTA ने आर्या सिंह के 167 अंकों के स्कोर को सही और सत्यापित बताया है. साथ ही एजेंसी ने चेतावनी दी कि फर्जी OMR शीट बनाना या उसे प्रसारित करना Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत अपराध है. इसके अलावा NTA ने NEET UG 2026 से जुड़े अन्य OMR विवादों पर भी कहा कि सभी उम्मीदवारों की असली OMR उसके रिकॉर्ड में सुरक्षित है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही "सही OMR" वाली तस्वीरें डिजिटल रूप से बनाई गई हैं.

पूर्व सैनिक की बेटी हैं आर्या

आर्या सिंह कानपुर की रहने वाली हैं. उनके पिता राकेश सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक हैं. उन्होंने राजपूताना राइफल्स में 24 साल तक देश की सेवा की है और साल 2025 में रिटायर हुए. उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के नौगांव क्षेत्र में भी रही है. आर्या की मां प्रियम सिंह गृहणी हैं, जबकि उनका छोटा भाई आयुष बीए की पढ़ाई कर रहा है. आर्या ने कानपुर स्थित सरदार पटेल एकेडमी से 12वीं तक की शिक्षा पूरी की है.