Raebareli CM Yogi Visit: अवध के कई जिलों में विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब 24 तारीख को रायबरेली के दौरे पर आ रहे हैं. सीएम के आगमन की खबर मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है. सोमवार को प्रशासन ने तैयारियों को लेकर मंथन बैठक की, वहीं अधिकारियों को सभी आंकड़ों को उंगलियों पर याद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
ADVERTISEMENT
डीएम ने दो घंटे तक ली अधिकारियों की क्लास
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सोमवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ने बचत भवन में करीब दो घंटे तक जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली. डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित सभी आंकड़ों और 'होमवर्क' को पुख्ता रखें, ताकि किसी भी सवाल का जवाब तुरंत दिया जा सके.
सीएम योगी ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
इस दौरे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद सोमवार की शाम लखनऊ से जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की.
त्रिपुला चौराहे के पास होगी जनसभा
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ त्रिपुला चौराहा स्थित भाजपा कार्यालय के पास मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान विभिन्न विभागों (जैसे- जिला पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, जिला पूर्ति और ग्राम्य विकास) की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाने के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनका सीएम योगी निरीक्षण कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT











