Raebareli Missing Woman Case: लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मलपुरा गांव की दो दिनों से लापता 50 वर्षीय महिला का शव सोमवार को सुदन खेड़ा स्थित एक तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, मलपुरा गांव निवासी स्वर्गीय बालेश्वर की पत्नी रमेशा देवी दो दिन पहले घर से बकरियां चराने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला.
सोमवार सुबह सुदन खेड़ा स्थित तालाब में ग्रामीणों ने एक महिला का शव पानी में तैरता देखा. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और चौकी प्रभारी आरबी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान रमेशा देवी के रूप में हुई.
मृतका की पहचान होते ही उनके बेटे संजय, अमित और सुरेंद्र मौके पर पहुंचे. मां का शव देखकर सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों ने बताया कि एक वर्ष पहले ही उनके पिता बालेश्वर का निधन हो गया था. अब मां की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रमेशा देवी अपने पीछे पांच बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
लालगंज थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तालाब में डूबने से मौत का प्रतीत होता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











