Raebareli School Accident News: भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत उतरपारा गांव के पास आज सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला. सत्यनारायणी स्कूल की बस और लियो कान्वेंट स्कूल की वैन में जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण हादसे में दोनों स्कूलों के पांच मासूम बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
ADVERTISEMENT
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
रोजमर्रा की भांति सोमवार सुबह सत्यनारायणी स्कूल की बस और लियो कान्वेंट स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थीं. उतरपारा के समीप दोनों वाहनों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में घायल हुए पांच बच्चों में से तीन बच्चें सत्यनारायणी स्कूल के व दो बच्चें लियो कान्वेंट स्कूल के घायल हुए हैं.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने बच्चों को सीएचसी बेला भेला पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालांकि, एक बच्चे की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
स्वजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के स्वजन रोते-बिलखते सीएचसी पहुंचे. फिलहाल भदोखर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है.
सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि स्कूली बस और वैन की भिड़ंत में 5 बच्चे घायल हुए हैं. सभी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से एक गंभीर बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











