Raebareli News: जिले का कुचरिया से विश्वनाथगंज को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया हैगड्ढों में तब्दील हुआ कुचरिया–विश्वनाथगंज मार्ग, हादसे के साये में सफर. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.
ADVERTISEMENT
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और वाहन चालक गुजरते हैं. समय पर मरम्मत नहीं होने से सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी हैं और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश और रात के समय ये गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों का दावा है कि सड़क की बदहाली के कारण अब तक कई लोग चोटिल हो चुके हैं. उनका आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
सड़क की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी है. उन्होंने शासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि कुचरिया–विश्वनाथगंज मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके.
ADVERTISEMENT











