Moradabad News: मुरादाबाद के कुंदरकी नगर में एक निजी अस्पताल के संचालक डॉक्टर की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. डॉक्टर पर न सिर्फ इलाज में लापरवाही बरतने बल्कि पीड़ित परिवार से ₹2 लाख रुपये ऐंठने और शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित ने कुंदरकी थाने में लिखित शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
ऑपरेशन के बाद और बिगड़ गई तबीयत
थाना क्षेत्र के ग्राम चकफाजलपुर निवासी पीड़ित अरविंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी की तबीयत खराब हुई थी. वे उपचार के लिए उन्हें कुंदरकी के एक निजी अस्पताल लेकर गए थे. वहां मौजूद डॉक्टर ने महिला की जांच की ओर पेट में पथरी की समस्या बताते हुए तुरंत भर्ती करने और ऑपरेशन की सलाह दी. पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किए जाने के बाद उसकी पत्नी की हालत सुधरने के बजाय और ज्यादा बिगड़ गई.
मुरादाबाद ले जाकर दोबारा किया ऑपरेशन
जब महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो पीड़ित परिवार ने डॉक्टर से इसकी शिकायत की. आरोप है कि अपनी गलती छुपाने के लिए डॉक्टर ने मरीज को मुरादाबाद ले जाकर एक अन्य निजी स्थान पर उसका दूसरा ऑपरेशन कर दिया. इस दोबारा किए गए ऑपरेशन के बाद भी महिला के स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
रुपये ऐंठने और बदसलूकी करने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान डॉक्टर ने उनके साथ बेहद अभद्र और अमर्यादित व्यवहार किया. इतना ही नहीं, डॉक्टर ने ऑपरेशन, दवाइयों और अन्य खर्चों के नाम पर डरा-धमका कर पीड़ित परिवार से करीब ₹2 लाख रुपये की मोटी रकम भी वसूल कर ली. डॉक्टर की इस कार्यप्रणाली से परेशान होकर पीड़ित ने अब न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT











