Saharanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हालिया एक रूह कंपा देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया. यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा दिलाकर लौट रहे एक युवक की परीक्षा केंद्र के कुछ ही दूरी पर सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक युवक का नाम शिव कुमार है, जिसका हाल ही में एसएसएफ (SSF) में चयन हुआ था. शादी के महज 4 महीने के भीतर ही उसकी पत्नी आकांक्षा को उसके अपने ही परिवार ने विधवा बना दिया. यह पूरा मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिसमें पीड़ित युवती ने अपने ही सगे भाई, मां, बहन, जीजा और मामाओं पर पति की हत्या का सीधा आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
आर्य समाज मंदिर में की थी लव मैरिज, हाई कोर्ट से मिला था प्रोटेक्शन
शामली जिले के गांव खेड़ी बैरागी के रहने वाले शिव कुमार और आकांक्षा आमने-सामने रहते थे. साल 2020 से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन आकांक्षा के परिजनों को यह रिश्ता बिल्कुल मंजूर नहीं था. परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर दोनों ने इसी साल 27 फरवरी को इलाहाबाद के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था. बाद में दोनों को हाई कोर्ट से सुरक्षा भी मिली हुई थी.
उत्तराखंड में काट रहे थे दिन
शिव कुमार के पिता ने बताया कि आकांक्षा के परिवार की तरफ से लगातार मिल रही धमकियों और हत्या के अंदेशे के चलते उन्होंने दोनों को रहने के लिए उत्तराखंड भेज दिया था. दोनों पिछले 4 महीने से वहीं रह रहे थे.
SSF में हो चुका था चयन, 3 मार्च को आया था जॉइनिंग लेटर
शिव कुमार के पिता ने रोते हुए बताया कि उनके बेटे का एसएसएफ (SSF) में सिलेक्शन हो चुका था और बीती 3 मार्च को उसका जॉइनिंग लेटर भी आ गया था. बस उसकी पोस्टिंग होनी बाकी थी. शिव कुमार और आकांक्षा दोनों ही सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे हुए थे.
परीक्षा केंद्र के बाहर घात लगाकर बैठे थे हमलावर, खिड़की से सटाकर मारी गोली
मंगलवार को शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारण क्षेत्र में लेकर आया था. गोचर इंटर कॉलेज (कृषि इंटर कॉलेज) में आकांक्षा का पेपर था. परिजनों के मुताबिक, आकांक्षा के घरवालों को उनके आने की भनक लग गई थी. जैसे ही दोनों परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकले और रास्ते में स्कॉर्पियो गाड़ी से आगे बढ़ने लगे, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गाड़ी की खिड़की से बिल्कुल सटाकर शिव कुमार पर गोलियां बरसा दीं. वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शिव कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और आकांक्षा के घर पर ताला लटका हुआ है, जहाँ पुलिस का पहरा है.
मेरे भाई ने मारी गोली, मम्मी-बहन भी थीं साथ- बिलखती आकांक्षा का बयान
घटना के बाद रोती-बिलखती आकांक्षा ने अपने ही परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. आकांक्षा ने कहा, "मैंने 3-4 महीने पहले गांव के शिव कुमार से लव मैरिज की थी. तब से मेरे घरवाले हमारी जान के दुश्मन बने थे और फोन पर परेशान करते थे. आज मेरा यूपी पुलिस का पेपर था. मेरे घरवाले वहां आ गए और मेरे आदमी को गोली मार दी. मेरे भाई ने गोली मारी, वहां मेरी मम्मी, बहन, जीजा और मामा धर्मवीर व कर्मवीर भी बाइक पर थे. इन सबने मिलकर मेरे आदमी को मार दिया. वे मुझे भी मारने की कोशिश कर रहे थे, मेरा आदमी बीच में अड़ गया. मैं सरकार से इंसाफ चाहती हूं, उन्हें भी गोली मारी जाए."
वहीं, शिव कुमार के पिता ने सरकार से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों को फांसी के तख्ते तक पहुंचाने की गुहार लगाई है, ताकि पीड़ित आत्मा को शांति मिल सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
ADVERTISEMENT










