Mirzapur Khajuri Flyover Fire News: वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को खजूरी फ्लाईओवर के ढलान पर चाय लेकर जा रही कंटेनर में टायर फटने के बाद आग लग गई. घटना से अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक मिर्जापुर से मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़े और छोटे वाहनों का आवागमन रोककर यातायात डायवर्ट कर दिय. चालक सुरक्षित बच गया.
ADVERTISEMENT
गुवाहाटी से चाय लेकर महाराष्ट्र के कोल्हापुर जा रही कंटेनर सोमवार को खजूरी फ्लाईओवर से गुजर रही थी. इसी दौरान पिछले पहिए का टायर फट गया. टायर के घर्षण से कंटेनर के पिछले हिस्से में आग लग गई. धुआं और लपटें उठती देख आसपास के वाहन चालकों और ग्रामीणों ने चालक को सूचना दी. चालक संजय यादव निवासी जल्हूपुर, वाराणसी ने कंटेनर सड़क किनारे रोककर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी.
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों ओर से यातायात रोक दिया. करीब डेढ़ घंटे तक मिर्जापुर से मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले बड़े और छोटे वाहनों का संचालन बंद रहा. इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया. जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पुलिस सूचना पर डीबीएल कार्यदाई संस्था का अग्निशमन वाहन सबसे पहले मौके पर पहुंचा. इसके बाद दमकल विभाग के अन्य वाहन भी पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए. चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा. समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का कार्य जारी था.
ADVERTISEMENT











