Meerut News: मेरठ के नौचंदी इलाके में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मशहूर यूट्यूबर शादाब जकाती के जकाती ज्वेलर्स शोरूम के उद्घाटन में बेकाबू भीड़ उमड़ पड़ी. बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित इस कार्यक्रम के चलते गढ़ रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. इस वजह से लोगों को चिलचिलाती गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ी.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को देखने उमड़ी भीड़!
'₹10 वाला बिस्कुट कितने का है जी' जैसे कंटेंट से चर्चा में आए शादाब जकाती ने ग्रैंड स्क्वायर बिल्डिंग में अपने ज्वैलरी शोरूम का उद्घाटन किया था. इस मौके पर उन्होंने कई अन्य यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स को भी आमंत्रित किया. अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की इतनी बड़ी तादाद पहुंच गई कि वहां मौजूद निजी बाउंसर भी भीड़ को नियंत्रित करने में नाकाम रहे.
पुलिस का एक्शन और भगदड़ की स्थिति
भीड़ के कारण ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई. जाम में फंसे लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
बिना अनुमति कार्यक्रम पर कानूनी शिकंजा
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, इस उद्घाटन समारोह के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी. भारी भीड़ जमा होना धारा 163 (पहले धारा 144) का सीधा उल्लंघन है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आयोजकों को तलब किया है. अधिकारियों का कहना है कि बिना परमिशन भीड़ जुटाकर कानून व्यवस्था को ठप करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.
पुराने विवादों से भी रहा है नाता
शोरूम उद्घाटन के इस नए विवाद के साथ ही शादाब जकाती का पुराना रिकॉर्ड भी चर्चा में आ गया है. गौरतलब है कि वह पहले भी यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों के चलते विवादों में रह चुके हैं. फिलहाल, पुलिस आयोजकों की भूमिका और अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









