हमारा लाल कहां से वापस आएगा... मेरठ में सालिम की खौफनाक हत्या के बाद इलाके में पुलिस ही पुलिस, पुरानी रंजिश में बड़ा कांड!

उस्मान चौधरी

• 05:47 PM • 29 Aug 2026

मेरठ के डाहर गांव में 25 साल के मन्नू उर्फ सालिम की पुरानी रंजिश में चाकू और गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दो घंटे में हिरासत में लिया. गांव में तनाव का माहौल है.

Meerut Crime News

Meerut Crime News

Google CTA

Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है. यहां 25 साल के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बीती शाम बेखौफ बदमाशों ने मौत का नंगा नाच खेला. पुरानी रंजिश की आग में जल रहे हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू चलाए और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए मानो कोई जंग जीतकर निकले हों. इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में तनाव और मातम का माहौल है.

यह भी पढ़ें...

मैदान में बैठा था सालिम पीछे से हुआ कातिलाना हमला

खौफनाक वारदात मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के डाहर गांव की है. शुक्रवार की देर शाम गांव के बाहरी छोर पर बने मैदान में रोज की तरह कुछ युवक दौड़ लगाने पहुंचे थे. वहीं पर गांव का ही 25 साल का मन्नू उर्फ सालिम भी अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था.

अचानक वहां घात लगाए बैठे हमलावर पहुंचे और सालिम पर पीछे से हमला बोल दिया. हमलावरों ने बिना संभलने का मौका दिए सालिम के गले, पीठ, हाथ और पेट पर चाकू से एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए. खून से लथपथ होकर सालिम जैसे ही जमीन पर गिरा सिरफिरे हत्यारों ने उस पर गोली भी दाग दी और असलहे लहराते हुए मौके से भाग निकले.

ईद की पुरानी रंजिश बनी कत्ल की वजह

अचानक हुई इस हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया. गुस्साए ग्रामीणों का आक्रोश देखकर मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स और आला अधिकारियों को तैनात करना पड़ा.

पुलिस की शुरुआती जांच में कत्ल की वजह पुरानी रंजिश निकलकर सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, पिछली ईद के त्योहार के दौरान मृतक सालिम और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हुई थी. उस वक्त सरूरपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था. लेकिन वही पुरानी रंजिश बीती शाम खून-खराबे की वजह बन गई.

2 घंटे में धरे गए 2 मुख्य आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत 4 विशेष टीमों, एसओजी और सीसीटीवी सर्विलांस टीम का गठन किया गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'थाना सरूरपुर पर शाम करीब 8:30 बजे डाहर गांव के मन्नू उर्फ सालिम की हत्या की सूचना मिली थी. तत्काल हमारी 4 टीमों ने साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी शहजाद और गुलजार (दोनों निवासी डाहर) को हिरासत में ले लिया है. पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया था. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाकर थाने में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.'

उठते सवाल और बिलखता परिवार

हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं. लेकिन इस वारदात ने गांव के माहौल को झकझोर कर रख दिया है. एक तरफ जहां पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. वहीं दूसरी तरफ मृतक सालिम के घर में कोहराम मचा हुआ है. मां की पथराई आंखें और उठते सवाल अब भी इंसाफ और हमलावरों के लिए सख्त से सख्त सजा (एनकाउंटर) की गुहार लगा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: UP Weather: 30 अगस्त को यूपी के इन जिलों में होगी जोरदार बारिश, IMD ने जारी की ये चेतावनी