पुलिस कुछ नहीं कर पा रही... सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद पत्नी स्वाति के नहीं रुक रहे आंसू, उनकी अब ये है मांग

यूपी तक

• 02:07 PM • 29 Aug 2026

यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार का दर्द सामने आया है. वहीं अंकित की पत्नी स्वाति ने सीएम योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाई है.

Ankit Baliyan Murder Case

Ankit Baliyan Murder Case (Photo: AI)

Google CTA

Ankit Baliyan Murder Case: यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिवार का दर्द सामने आया है. वहीं अंकित की पत्नी स्वाति ने सीएम योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाई है. रोते हुए स्वाति ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और कहा कि वारदात के तीन दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री आवास के सामने खौफनाक कदम उठाने को मजबूर होंगी. 

यह भी पढ़ें...

अंकित की पत्नी स्वाति ने कहा 'सर, हमें बिल्कुल भी इंसाफ नहीं मिल रहा. तीन दिन हो गए. हमारे घर का तो सब कुछ ही चला गया और पुलिस कुछ नहीं कर पा रही.' उन्होंने कहा कि अंकित परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और घर की जिम्मेदारियां वही संभालता था. स्वाति ने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े मार्केट में गोली चली, फिर भी पुलिस वारदात को रोक नहीं सकी. उन्होंने कहा, 'अगर ऐसे ही चलता रहा तो हम भी लखनऊ जाकर सीएम आवास के सामने हाथ अड़ा देंगे.' स्वाति ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि अंकित ने किसी का क्या बिगाड़ा था. उनके मुताबिक अंकित गाने बनाकर युवाओं का मनोरंजन करता था और समाज को लेकर भी उसकी अच्छी सोच थी.

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

अंकित की मौत के बाद उनके माता-पिता, पत्नी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का कहना है कि अंकित ही घर की जिम्मेदारियां संभालता था. परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए हैं. परिवार की ओर से कहा गया कि जिस जगह हत्या हुई, वहां तीन पुलिसकर्मी हमेशा रहते हैं, जबकि घटना के वक्त कोई मौजूद नहीं था. परिजनों ने कहा, '500 गज पर कोतवाली है. दिनदहाड़े मर्डर होने लग रहा है. दूसरे स्टेट के आदमी आकर मर्डर कर रहे हैं. कैसी सरकार है?' परिवार का सवाल है कि जब पुलिस को आरोपियों की पहचान के बारे में जानकारी मिल चुकी है तो गिरफ्तारी कब होगी.

48 घंटे से कई राज्यों में पुलिस की दबिश

अंकित हत्याकांड की जांच में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पिछले 48 घंटे से अधिक समय से लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा, 'अभी तक लगभग आठ टीमें हमारी हरियाणा प्रदेश में काम कर रही हैं और इसी तरह उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों में भी टीमें काम कर रही हैं.' अधिकारी ने बताया कि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ समेत कई जगहों की टीमें जांच में शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की उम्मीद है.

CCTV में दिखे दो बाइक पर चार हमलावर

26 अगस्त की शाम शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी आर्यपुरी इलाके में अंकित जिम गए थे. बताया गया कि वह करीब 4 बजे जिम के अंदर गए और लगभग 6:30 बजे बाहर निकले. जिम से करीब 20 मीटर की दूरी पर उनकी गाड़ी खड़ी थी. जैसे ही वह गाड़ी की तरफ बढ़े, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. करीब 30 सेकंड में 15 से 20 राउंड गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है. कुछ गोलियां गाड़ी पर लगीं, जबकि कई गोलियां अंकित को लगीं. CCTV फुटेज में दो बाइक पर चार संदिग्ध हमलावर जाते दिखाई दे रहे हैं. घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

हत्या के बाद सियासत भी तेज

अंकित की हत्या के बाद परिवार और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध किया था. बाद में अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ और भारी बारिश के बीच रक्षाबंधन के दिन अंकित का अंतिम संस्कार किया गया. इस मामले में राजनीतिक नेताओं की सक्रियता भी बढ़ी है. समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन पीड़ित परिवार से मिलीं और उन्होंने अंकित के पिता की बात अखिलेश यादव से कराई. आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी परिवार से मिलने पहुंचे. आरएलडी के नेताओं के अलावा बीजेपी के बड़े जाट नेता संजीव बालियान भी परिवार से मिल चुके हैं. ऐसे में हत्याकांड को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.