Meerut Children Missing Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ के हस्तिनापुर में YouTube पर ‘सीक्रेट हाउस गेम’ का वीडियो देखने के बाद 11 और 7 साल के दो बच्चे अचानक घर से गायब हो गए. दोनों बच्चे वीडियो से प्रभावित होकर खुद भी 24 घंटे तक छिपने वाला चैलेंज पूरा करने निकल पड़े थे. काफी देर तक बच्चों का पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस और मिशन शक्ति की टीम ने करीब दो घंटे की तलाश के बाद दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया.
ADVERTISEMENT
घर से निकले, फिर नहीं मिला कोई सुराग
सर्कल ऑफिसर (मवाना) पंकज लवानिया ने बताया कि हस्तिनापुर की बी-ब्लॉक कॉलोनी में रहने वाले दोनों बच्चे रविवार दोपहर अचानक घर से गायब हो गए थे. परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के घरों में बच्चों को तलाशा, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. बच्चों के अचानक गायब होने से परिजन काफी परेशान थे और पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी.
फार्महाउस के पास बनाया था छिपने का ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, बच्चों ने YouTube पर गेमिंग कंटेंट देखने के बाद खुद भी ‘24-आवर हाइडिंग चैलेंज’ पूरा करने का फैसला किया था. दोनों ने एक फार्महाउस के पास सुनसान जगह को चुना और वहां अपना छिपने का ठिकाना बनाया. इस तरह के गेम में खिलाड़ी कुछ नियमों का पालन करते हुए 24 घंटे के लिए एक गुप्त जगह बनाकर उसमें छिपते हैं. बच्चों ने भी इसी तरह चैलेंज पूरा करने की कोशिश की थी.
पुलिस ने दो घंटे में दोनों को खोज निकाला
सीओ पंकज लवानिया के मुताबिक, बच्चों से पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने गेमिंग कंटेंट देखा था और उसी से प्रेरित होकर यह चैलेंज खेलने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि वीडियो से प्रेरित होकर बच्चों ने 24 घंटे का चैलेंज पूरा करने के लिए फार्महाउस के पास सुनसान जगह पर अपना ठिकाना बनाया था.ट पुलिस और मिशन शक्ति की टीम ने करीब दो घंटे तक तलाश की, जिसके बाद दोनों बच्चे सुरक्षित मिल गए. पुलिस ने दोनों बच्चों को उनके परिवारों को सौंप दिया.
ADVERTISEMENT











