Meerut SSP Avinash Pandey Transfer: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस फेरबदल में मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे का नाम प्रमुख है. उन्हें मेरठ एसएसपी के पद से हटाकर डीजीपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी पद पर संबद्ध किया गया है. अविनाश पांडे जुलाई में दलित समाज के प्रदर्शन के दौरान वकील रवि गौतम को थप्पड़ मारने के मामले को लेकर चर्चा में आए थे. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद काफी विवाद हुआ था.
ADVERTISEMENT
8 जुलाई को मेरठ में क्या हुआ था?
मेरठ में 8 जुलाई को बीए छात्रा हत्याकांड को लेकर कलेक्ट्रेट गेट पर दलित समाज का प्रदर्शन चल रहा था. प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था. इसी दौरान एसएसपी अविनाश पांडे भी मौके पर पहुंचे थे.
तब एसएसपी ने पुलिस के बंदी वाहन में वकील रवि गौतम को थप्पड़ मारे थे. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया था. विपक्षी दलों ने भी इस घटना को लेकर एसएसपी पर सवाल उठाए थे. इसके बाद से ही अविनाश पांडे पर कार्रवाई की चर्चा चल रही थी. अब सरकार ने उन्हें मेरठ एसएसपी के पद से हटा दिया है. उन्हें डीजीपी मुख्यालय लखनऊ में एसपी पद पर संबद्ध किया गया है.
9 IPS अधिकारियों के तबादले, देखें किसे कहां भेजा गया
इस फेरबदल में मेरठ के अलावा सुल्तानपुर, गोंडा, झांसी, बिजनौर, बलरामपुर और संभल में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती बदली गई है.
विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर की जिम्मेदारी
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी विनीत जायसवाल अभी गोंडा के एसपी थे. तबादले के बाद उन्हें सुल्तानपुर का एसपी बनाया गया है.
चारू निगम को यूपी-112 भेजा गया
2014 बैच की आईपीएस अधिकारी चारू निगम सुल्तानपुर की एसपी थीं. अब उन्हें यूपी-112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है.
बीबीजीटीएस मूर्ति बने मेरठ के नए SSP
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का भी तबादला किया गया है. 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी बनाया गया है.
अभिषेक को गोंडा भेजा गया
2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक अब गोंडा के एसपी होंगे. इससे पहले वह बिजनौर के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे.
विकास कुमार को झांसी की कमान
2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार बलरामपुर के एसपी थे. अब उन्हें झांसी का एसएसपी बनाया गया है.
कृष्ण कुमार बिश्नोई को बिजनौर की जिम्मेदारी
2018 बैच के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई को संभल एसपी के पद से हटाकर बिजनौर का एसपी बनाया गया है. संभल शाही मस्जिद हिंसा के दौरान वह चर्चा में आए थे.
विकास चंद्र त्रिपाठी बने संभल SP
आईपीएस विकास चंद्र त्रिपाठी इससे पहले बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे. अब उन्हें संभल का एसपी बनाया गया है.
मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर भेजा गया
आईपीएस अधिकारी मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का एसपी बनाया गया है. इससे पहले वह हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे.
ये भी पढ़ें: यूपी में देर रात 7 IPS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के SSP/SP बदले, किसे मिली नई जिम्मेदारी
ADVERTISEMENT











