Meerut Hotel Case: मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित होटल रंजीत में सोमवार को एक नाबालिग हिंदू लड़की के साथ 23 साल के युवक फरदीन के मिलने पर हंगामा हो गया. हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने होटल पहुंचकर युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
युवक-लड़की के मिलने पर हुआ हंगामा
मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र के होटल रंजीत का है. जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस भी होटल पहुंची. वहां एक कमरे से युवक और नाबालिग लड़की मिले. युवक की पहचान फरदीन (23) के रूप में हुई. संगठन के लोगों ने युवक पर नाबालिग के साथ आपत्तिजनक स्थिति में मिलने का आरोप लगाया. इसके बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ और पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
नाम बदलकर दोस्ती करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर आरोप है कि उसने नाबालिग लड़की से पहचान छिपाकर नाम बदलकर दोस्ती की और उसका शोषण किया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नाबालिग के परिजनों को सूचना दी. वहीं, मामले को लेकर हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. संगठन से जुड़े सचिन सिरोही ने भी मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं.
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
नाबालिग लड़की के परिजनों की ओर से सदर थाने में दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में शिकायत दी गई. इसके बाद पुलिस ने धारा 64(1)/75(2) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी फरदीन को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
मां को फोन कर बताई थी पूरी बात
मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सोमवार को सहेली के घर जाने की बात कहकर निकली थी. दोपहर में बेटी ने अपनी मां को फोन किया और बताया कि आरोपी फरदीन उसे होटल में जबरन लेकर आया है. लड़की ने आरोपी पर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है और मामले में आगे की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT











