मेरठ में 5 मिनट की देरी पर डिलीवरी बॉय की पिटाई? पति ने थप्पड़ मारे तो पत्नी ने किया घर के अंदर ने लाने का किया इशारा

उस्मान चौधरी

• 12:39 PM • 15 Aug 2026

मेरठ में डिलीवरी ऑर्डर पहुंचाने में कथित तौर पर 5 मिनट की देरी को लेकर डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Meerut Delivery Boy Assault News

Meerut Delivery Boy Assault News

Google CTA

Meerut Delivery Boy Assault News: मेरठ में डिलीवरी ऑर्डर पहुंचाने में कथित तौर पर 5 मिनट की देरी को लेकर डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में लाल शर्ट पहने एक युवक अपार्टमेंट में डिलीवरी देने पहुंचता दिखाई देता है. इसके बाद फ्लैट से बाहर आए एक शख्स से उसकी बातचीत होती है और कुछ ही देर में दोनों के बीच विवाद शुरू हो जाता है. आरोप है कि इसी दौरान डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की गई और बाद में पत्नी के इशारे पर उसे फ्लैट के अंदर ले जाया गया.

यह भी पढ़ें...

थप्पड़-लात मारने का आरोप

वायरल CCTV फुटेज में डिलीवरी बॉय फ्लैट की घंटी बजाता नजर आता है. दरवाजा खुलने के बाद बाहर आए शख्स और डिलीवरी बॉय के बीच बातचीत होती है. इसी दौरान युवक के हाथ से मोबाइल छीन लिया जाता है और उसके साथ मारपीट शुरू हो जाती है. फुटेज में शख्स डिलीवरी बॉय को थप्पड़ और लात मारता दिखाई दे रहा है. इस दौरान युवक अपना मोबाइल वापस मांगता नजर आता है. कुछ देर बाद फ्लैट से एक महिला भी बाहर आती है और फिर अंदर लाने का इशारा करते हुए दिखाई देती है.

फ्लैट के अंदर भी मारपीट का दावा

वीडियो के अगले हिस्से में डिलीवरी बॉय को फ्लैट के अंदर ले जाते हुए देखा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि फ्लैट के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई. हालांकि, अंदर की कथित मारपीट का पूरा घटनाक्रम वायरल फुटेज में स्पष्ट नहीं है. कुछ समय बाद युवक को फ्लैट से बाहर निकाल दिया जाता है. बताया जा रहा है कि डिलीवरी बॉय का नाम अमित है और आरोप है कि डिलीवरी पहुंचाने में करीब 5 मिनट की देरी होने के बाद उसके साथ यह घटना हुई.

गंगा हाइट्स अपार्टमेंट का बताया जा रहा VIDEO

वायरल वीडियो को मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र स्थित गंगा हाइट्स अपार्टमेंट का बताया जा रहा है. घटना 14 अगस्त की रात करीब साढ़े 9 बजे की बताई गई है. फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस के मुताबिक 'इस प्रकरण में थाना प्रभारी भावनपुर को जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है.' पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की सत्यता, स्थान और समय के साथ-साथ इसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है. जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.